नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं की प्रगति बजट अथवा अन्य कारणों से प्रभावित हो रही है, उनके संबंध में तत्काल शासन स्तर पर पत्राचार किया जाए। साथ ही पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं की सूची उपलब्ध कराकर संबंधित विभागों को हस्तांतरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जांच समिति द्वारा पूर्व में निर्माणाधीन कार्यों में इंगित की गई कमियों को तत्काल दूर कराया जाए तथा समिति पुनः स्थलीय निरीक्षण कर भौतिक सत्यापन के उपरांत अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करे। विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को योजनाओं में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना एवं पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने जीएम डीआईसी को निर्देशित किया कि बैंकर्स के साथ प्रतिदिन बैठक कर लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण कराया जाए। फैमिली आईडी एवं फार्मर रजिस्ट्री में अपेक्षित प्रगति न होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों द्वारा इन महत्वपूर्ण योजनाओं में शिथिलता एवं लापरवाही बरती जा रही है, जिसके कारण जनपद की रैंकिंग प्रभावित हो रही है, उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ऐसे संबंधित अधिकारियों के अग्रिम आदेशों तक वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य विकास अधिकारी को फैमिली आईडी एवं फार्मर रजिस्ट्री की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाते हुए योजनाओं में निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सड़कों की मरम्मत एवं पेंचवर्क का कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराया जाए तथा सभी मार्ग सुचारु एवं सुरक्षित आवागमन योग्य बने रहें।
बैठक में पंडित दीनदयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, पूर्वदशम छात्रवृत्ति, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पीएम कुसुम योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मनरेगा, भवन एवं सड़क निर्माण, दिव्यांग पेंशन, जल जीवन मिशन, हर घर जल, फैमिली आईडी, 15वें वित्त आयोग की ग्राम पंचायत योजनाएं, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2, ऑपरेशन कायाकल्प, निपुण परीक्षा आकलन, शादी अनुदान योजना, मत्स्य उत्पादन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सेतु निर्माण, प्रोजेक्ट अलंकार, सड़कों का अनुरक्षण, मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना, ओडीओपी टूलकिट योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना तथा राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई तथा उनकी रैंकिंग एवं प्रगति में सुधार हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मोहम्मद परवेज, जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग सतेन्द्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment