नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। सामाजिक संस्था जनहित फाउंडेशन, मेरठ द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक चेतना जगाने के उद्देश्य से ग्राम लतीफपुर और दूधली खादर में 'सर्वाइवर नेटवर्क' की एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम में दोनों गांवों की बड़ी संख्या में किशोरियों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित जनहित फाउंडेशन के समन्वयक श्री अजय कुमार ने उपस्थित जनसमूह को बाल विवाह के कानूनी, शारीरिक और मानसिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने समाज से भावुक अपील करते हुए कहा: "बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक बुराई और अपराध है। हमें न केवल खुद बाल विवाह का पूर्णतः बहिष्कार करना है, बल्कि किसी भी ऐसे आयोजन में शामिल भी नहीं होना है। इस कुप्रथा को हमें समाज से जड़ से समाप्त करना होगा ताकि हमारी बेटियों को आगे बढ़ने के समान अवसर मिल सकें।"
कार्यक्रम को सफल बनाने में दोनों गांवों की आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और जनहित फाउंडेशन की समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती मंजू रानी का विशेष और सराहनीय सहयोग रहा। उन्होंने महिलाओं को संगठित करने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने में मुख्य भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन पर संस्था की ओर से उपस्थित सभी किशोरियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्टेशनरी सामग्री का वितरण किया गया। संस्था के इस प्रयास की ग्रामीणों ने सराहना की और गांव को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लिया।

No comments:
Post a Comment