नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। शहर को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों के लिए इंदौर नगर निगम ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मेयर पुष्य मित्र भार्गव ने घोषणा की है कि ड्यूटी के दौरान दुर्घटना का शिकार होने वाले सफाई मित्रों और ड्रेनेज-सीवरेज सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों को अब इलाज के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
योजना के तहत दुर्घटना की गंभीरता के आधार पर 25 हजार रुपये से लेकर 2.50 लाख रुपये तक की सहायता राशि दी जाएगी।
पिछले कुछ समय में इंदौर में सफाई कार्य के दौरान कई कर्मचारी हादसों का शिकार हुए हैं। ड्रेनेज और सीवरेज लाइन की सफाई के दौरान कर्मचारियों के घायल होने, गैस रिसाव जैसी घटनाओं तथा सड़क और नाले की सफाई के दौरान दुर्घटनाओं ने सफाई कर्मियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर चिंता बढ़ाई थी। ऐसे मामलों में इलाज का खर्च कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता था।
इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए नगर निगम ने यह राहतकारी योजना लागू करने का निर्णय लिया है, ताकि जरूरत के समय सफाई मित्रों को तत्काल आर्थिक सहायता मिल सके।
दुर्घटना की गंभीरता के अनुसार मिलेगी सहायता
नई व्यवस्था के तहत सामान्य दुर्घटना होने पर उपचार के लिए 25 हजार रु. तक की सहायता मिलेगी।
गंभीर दुर्घटना की स्थिति में चिकित्सकीय परामर्श के आधार पर 1 लाख रु. तक की आर्थिक मदद दी जाएगी।
अति गंभीर दुर्घटना में इलाज के लिए 2.50 लाख रु. तक की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
सभी सफाई मित्रों को मिलेगा लाभ
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि यह योजना केवल स्थायी कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगी। दैनिक वेतनभोगी, विनियमित और स्थायी सभी सफाई मित्रों को इसका लाभमिलेगा। दुर्घटना की सूचना या प्रारंभिक प्रमाण मिलने के बाद सहायता राशि मंजूर की जा सकेगी, जिससे कर्मचारियों को इलाज के लिए तत्काल राहत मिल सके।
सफाई मित्रों की सुरक्षा और सम्मान की दिशा में कदम
महापौर पुष्य मित्र भार्गव ने कहा कि सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। कठिन परिस्थितियों में कार्य करने वाले इन कर्मचारियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना नगर निगम की जिम्मेदारी है। यह योजना उनके और उनके परिवारों को संकट की घड़ी में आर्थिक संबल प्रदान करेगी।

No comments:
Post a Comment