नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। मासिक धर्म स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़ी सामाजिक रूढ़ियों व झिझक को तोड़ने तथा महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रपति पदक से अलंकृत सरबजीत सिंह कपूर, अंतरराष्ट्रीय सनातन ट्रस्ट की अध्यक्ष डॉ. शुचि गुप्ता एवं प्रसिद्ध समाज सेविका करुणा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज में मासिक धर्म को लेकर वैज्ञानिक, तार्किक और स्वस्थ दृष्टिकोण को बढ़ावा देने का एक सराहनीय प्रयास किया गया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रपति पदक से अलंकृत और प्रबुद्ध सामाजिक कार्यकर्ता सरबजीत सिंह कपूर ने कहा कि आज भी समाज के एक बड़े हिस्से में मासिक धर्म को लेकर रूढ़िवादी सोच बनी हुई है, जिसे बदलना बेहद जरूरी है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि जब तक पुरुष और समाज इस विषय पर खुलकर बात नहीं करेंगे, तब तक महिलाओं को एक स्वस्थ माहौल नहीं मिल सकता। उन्होंने समाज के हर वर्ग से इस मुहिम से जुड़ने का आह्वान किया। अंतरराष्ट्रीय सनातन ट्रस्ट की अध्यक्ष डॉ. शुचि गुप्ता ने उपस्थित महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए समझाया कि अस्वच्छता के कारण महिलाओं को गंभीर बीमारियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म के दिनों में स्वच्छता बनाए रखना बेहद अनिवार्य है और इसके लिए सही मार्गदर्शन की कमी को दूर करना ही इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।
समाज सेविका करुणा ने बताया कि इस मुहिम को धरातल पर उतारने और हर घर तक संदेश पहुँचाने के लिए वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने सैनिटरी पैड के सही उपयोग, उसके रख रखाव और सबसे महत्वपूर्ण, उसके सुरक्षित निपटान के तरीकों के बारे में विस्तार से व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया, ताकि पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों सुरक्षित रहें। पुस्तक विमोचन और स्वच्छता किट का वितरण इस विशेष अवसर पर मासिक धर्म के संदर्भ में वैज्ञानिक जानकारियों, भ्रांतियों और उनके समाधानों को समाहित करने वाली एक विशेष जागरूकता पुस्तक का विमोचन किया गया। इसके साथ ही, उपस्थित महिलाओं और किशोरियों को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने के उद्देश्य से स्वच्छता किट (सैनिटरी पैड्स) का वितरण भी किया गया।
संस्था का मुख्य उद्देश्य मासिक धर्म से जुड़ी हर भ्रांति को दूर करना और हर महिला तक स्वच्छ व सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करना है। इस अभियान की सफलता को देखते हुए आगामी दिनों में इसे अन्य क्षेत्रों में भी व्यापक स्तर पर चलाने का संकल्प लिया गया। ग्राम प्रधान श्री विनोद कुमार के नेतृत्व में यह कार्य संपन्न हुआ।
No comments:
Post a Comment