Breaking

Your Ads Here

Thursday, May 7, 2026

गांव की महिलाएं बनेंगी उद्यमी, नाबार्ड के आजीविका और उद्यम विकास कार्यक्रम का शुभारंभ

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। राजपुरा विकास खंड के साधारणपुर, इंचौली और नंगली आजमाबाद गावों में आज एक नई पहल की शुरुवात उच्च प्राथमिक विद्यालय (1-8), साधारणपुर गांव में हुई। स्वयं सहायता समूहों की 90 ग्रामीण महिलाओं के हाथों में हुनर देने और उन्हें आत्मनिर्भर उद्यमी बनाने के संकल्प के साथ नाबार्ड ने अक्ष एजुकेशनल वेलफेयर सोसाइटी के माध्यम से आजीविका और उद्यम विकास कार्यक्रम (LEDP) का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी , डॉ वी के सिंह के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर नूपुर गोयल, मुख्य विकास अधिकारी, दीपक माथुर, उप जिलाधिकारी और अग्रणी जिला प्रबंधक आर के खन्ना भी उपस्थित रहे। भावना जैन, डीडीएम, नाबार्ड ने बताया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत राजपुरा विकास खंड की 90 महिलाओं को रेजिन आधारित घर की सजावट का समान बनाने का व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। 20 दिन के गहन प्रशिक्षण में कुशल निपुण कारीगर इन्हें रेजिन कला की बारीकियां सिखाएंगे — कच्चे माल से लेकर बाजार के लिए तैयार उत्पाद बनाने तक। प्रशिक्षण के बाद महिलाओं को बैंक ऋण (सीएम - युवा), कच्चे मॉल की व्यवस्था और एक पूरे वर्ष तक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रोत्साहित किया। डी एम साहब ने नारी शक्ति का महत्व बताते हुए महिलाओं से अनुरोध किया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में मन लगा के सीखे और सरकारी योजनाओं का लाभ उठा कर अपने व्यवसाय शुरू करें। डी एम ने उच्च प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण भी किया और उसे मॉडल विद्यालय बनाने का निर्देश दिया। जिले में 60 मॉडल विद्यालय, 5 प्रति विकास खंड, की लिस्ट में इस विद्यालय का भी नाम जोड़ा गया। डी एम ने स्कूल के कनेक्टिंग कच्ची सड़क को भी पक्का बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं से अपेक्षा की कि वो प्रशिक्षण के बाद घर पर न बैठें और नाबार्ड से अनुरोध किया कि महिलाओं को प्रशिक्षण के साथ साथ काम शुरू करवाएं, बाजार से जुड़वाएं और अगर महिलाओं के पास अपना व्यवसाय शुरू करने की धन राशि न हो तो बैंक के माध्यम से सी एम - युवा उद्यमी अभियान के अंतर्गीय लोन दिलवाएं। लोन के लिए उन्होंने एल डी एम, आर के खन्ना जी से भी अनुरोध किया कि जो भी बैंक इन गांवों को सेवा देता है, पंजाब नेशन बैंक, उस से महिलाओं को सी एम - युवा योजना के अंतर्गत ब्याज मुक्त लोन दिलवाने के लिए सहायता करें। डी एम साहब ने कुमारी सोनिया, एक स्वयं सहायता समूह के सदस्य और महिला उद्यमी के रेजिन के काम की सराहना की और बाकी महिलाओं को उसने प्रेरणा लेने को कहा। उन्होंने इस बात को फिर से दोहराया कि जब कोई महिला कमाती है, तो उसके परिवार, उसके ससुराल वालों और उसके बच्चों—सभी की समाज में आर्थिक और सामाजिक, स्थिति बेहतर होती है।

नूपुर गोयल, सीडीओ ने भी महिलाओं का प्रोत्साहन बढ़ाया और उनसे कहा कि निष्ठा से प्रशिक्षण में भाग लें और अपने व्यवसाय शुरू करें। उन्होंने नाबार्ड के और भी परियोजनाओं जैसे गुलाब की खेती के लिए पीपली खेड़ा गांव में पॉलीहाउस में योगदान और कृषक उत्पादक संगठनों के विकास पर भी रोशनी डाली। आर के खन्ना, अग्रणी जिला प्रबंधक ने नाबार्ड इस परियोजना का पूरा समर्थन किया और महिलाओं को आश्वस्त किया कि अगर वो बढ़िया काम करेंगी तो बैंक लोन जरूर देगा और बाजार से खुद ब खुद उनके उत्पाद की मांग आएगी। 

अंत में, अक्ष एजुकेशनल वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष राहुल विकल ने उपस्थित गणमान्य अतिथियों का उनकी उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त किया, और यह सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया कि इस प्रशिक्षण के संबंध में जिला प्रशासन की अपेक्षाओं को पूरा किया जाएगा। उन्होंने डीएम को मौजूदा स्कूल को एक मॉडल स्कूल में बदलने के लिए धन्यवाद भी दिया, जिससे साधारणपुर गाँव के बच्चों को लाभ होगा। रेजिन कला आज देश-विदेश में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। घर की सजावट के ये अनोखे, हाथों से बने उत्पाद ऑनलाइन बाजारों में जबरदस्त मांग में हैं। यह अपेक्षा है कि इस कार्यक्रम से महिलाओं को ई - कॉमर्स से भी जोड़ा जाएगा और गांव की महिलाएं अपने घर से बनाया उत्पाद पूरे देश में बेच सकती है।

कार्यक्रम स्थल पर राजपुरा के विभिन्न गांवों से आई महिलाओं के चेहरे उम्मीद और उत्साह से दमक रहे थे। कइयों के लिए यह पहला मौका था जब उन्हें लगा कि उनका अपना कारोबार सच में हो सकता है। नाबार्ड की यह पहल जिले में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत और प्रेरणादायक कदम मानी जा रही है। इस अवसर पर अक्ष एजुकेशनल वेलफेयर सोसाइटी से राहुल विकल, दीपक कुमार, आनंद कुमार, पिन्नू कुमार और रॉबिन शर्मा मौजूद थे। साथ ही डॉ चिकारा, फ्यूचर प्लस हॉस्पिटल से और ग्राम प्रधान महाराज सिंह भी उपस्थित थे। विकास खंड प्रशासन से मनोज कुमार भारद्वाज, खंड विकास अधिकारी, जितेंद्र कुमार और संजीव शर्मा, एडीओ और धर्मेंद्र कुमार और विनय सिंह, ब्लॉक मिशन प्रबंधक भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here