इकराम चौधरी
नित्य संदेश, मेरठ। ग्राम अजराड़ा में लगा बिजली ट्रांसफार्मर ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी और खतरे का कारण बना हुआ है। खुले तारों और असुरक्षित स्थिति में रखा गया यह ट्रांसफार्मर कभी भी बड़े हादसे की वजह बन सकता है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण गांव के लोग लगातार डर के साए में जीने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर की चपेट में आकर अब तक एक बैल और एक पालतू बिल्ली की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद विभाग ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लोगों का कहना है कि कई बार बिजली विभाग को शिकायत दी गई और सोशल मीडिया के माध्यम से भी अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन देकर मामला टाल दिया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रांसफार्मर के आसपास सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। खुले तार और नीचे तक फैले बिजली के कनेक्शन बच्चों और राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में दूसरी सुरक्षित जगह उपलब्ध होने के बावजूद ट्रांसफार्मर को वहां शिफ्ट नहीं किया जा रहा।
ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। लोगों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह बिजली विभाग और प्रशासन की होगी। ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि ट्रांसफार्मर को तुरंत सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए और खुले तारों को दुरुस्त कर गांववासियों को राहत दी जाए।

No comments:
Post a Comment