नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। शहर में मौजूद पानी के संकट के लिए जिम्मेदारी का निर्धारण करते हुए कांग्रेस के द्वारा महापौर से इस्तीफा मांगा जाएगा। इसके साथ ही अपर आयुक्त को बदलने के लिए कल गुरुवार को कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल आयुक्त से मिलेगा।
इंदौर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि इस समय पूरा शहर पानी के संकट से परेशान है। जनता को इस परेशानी से मुक्ति दिलाने की दिशा में प्रयास करने के बजाय महापौर पुष्यमित्र भार्गव के द्वारा पुराने महापौर पर पानी की व्यवस्था के लिए काम नहीं करने का आरोप लगाकर अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश की जा रही है।
हम यह नहीं कहते हैं कि पुराने महापौर में पानी के लिए काम अच्छा किया था। हमारा तो यह कहना है कि वर्तमान में महापौर को पानी की व्यवस्था करने पर ध्यान देना चाहिए ना की दोषारोपण के काम पर। ऐसी स्थिति में महापौर के इस्तीफे की मांग को लेकर अगले सप्ताह कांग्रेस के द्वारा एक बड़ा आंदोलन करते हुए राजवाड़ा पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पानी का वर्तमान संकट अपर आयुक्त आशीष कुमार पाठक के द्वारा ध्यान नहीं दिए जाने के कारण ज्यादा गंभीर हुआ है। ऐसे में आवश्यक है कि पानी के काम को देखने वाले अपर आयुक्त को बदल दिया जाएं। यह कार्य पूरी तरह से इंदौर नगर निगम के आयुक्त के हाथ में है। उनके द्वारा ही सभी अपर आयुक्त में कार्य का विभाजन किया जाता है। इस स्थिति में कल गुरुवार को कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल आयुक्त से मिलेगा और पानी के काम को देखने वाले अपर आयुक्त को बदलने की मांग करेगा।




No comments:
Post a Comment