नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ के फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी द्वारा वार्षिक विदाई समारोह “क्षितिज 2026” का भव्य एवं भावनात्मक आयोजन किया गया। “Where Memories Meet New Horizons” थीम पर आधारित यह समारोह उत्साह, भावनाओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पेशेवर उत्कृष्टता का अद्भुत संगम बनकर सामने आया। कार्यक्रम ने अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा को यादगार बना दिया।
समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के सभी डीन उपस्थित रहे और उन्होंने स्नातक हो रहे विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए जीवन में अनुशासन, समर्पण और नवाचार को अपनाने का संदेश दिया। इंजीनियरिंग कॉलेज का संपूर्ण शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में सम्मिलित हुआ। शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच चार वर्षों में बने आत्मीय संबंधों की झलक कार्यक्रम के हर पल में दिखाई दी।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रमोद कुमार शर्मा ने अपने संदेश में कहा कि “विद्यार्थी केवल डिग्री लेकर संस्थान से विदा नहीं होते, बल्कि वे विश्वविद्यालय के संस्कार, ज्ञान और मूल्यों को भी अपने साथ लेकर जाते हैं। ‘क्षितिज 2026’ जैसे आयोजन विद्यार्थियों को नई उड़ान के लिए प्रेरित करते हैं और उन्हें अपने सपनों को साकार करने का आत्मविश्वास प्रदान करते हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि सुभारती विश्वविद्यालय के विद्यार्थी देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।”
वही फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के डीन प्रो. (डॉ.) मनोज कपिल ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “यह विदाई केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि उपलब्धियों, संघर्षों और यादों का उत्सव है। हमारे विद्यार्थी जहां भी जाएंगे, अपनी प्रतिभा और संस्कारों से संस्थान का नाम रोशन करेंगे। ‘क्षितिज 2026’ विद्यार्थियों के जीवन का एक ऐसा पड़ाव है, जो उन्हें नए अवसरों और सफलताओं की ओर अग्रसर करेगा।”
कार्यक्रम की सबसे विशेष बात यह रही कि इसका संपूर्ण संचालन, योजना एवं आयोजन इंजीनियरिंग कॉलेज के तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा अत्यंत कुशलता और अनुशासन के साथ किया गया। विद्यार्थियों की रचनात्मकता, टीमवर्क और मेहनत ने समारोह को शानदार सफलता दिलाई तथा सभी अतिथियों और उपस्थित जनों का मन मोह लिया।
समारोह के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठित पुरस्कार भी प्रदान किए गए, जिनमें Mr. Farewell, Ms. Farewell तथा Student of the Year जैसे सम्मान शामिल रहे। इन पुरस्कारों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता, शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं सह-पाठयक्रम गतिविधियों में योगदान को सम्मानित किया गया।
अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए यह शाम भावुक पलों से भरी रही। विदाई भाषणों, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संगीत एवं स्मृतियों से सजे इस आयोजन ने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया। विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों और साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन एक औपचारिक गाला डिनर के साथ हुआ, जहां शिक्षकों एवं जूनियर विद्यार्थियों ने अपने वरिष्ठों को सफल पेशेवर जीवन एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
“क्षितिज 2026” की भव्य सफलता ने एक बार फिर स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के मजबूत सामुदायिक, पारिवारिक एवं संस्कारयुक्त वातावरण को प्रदर्शित किया। यह कार्यक्रम डीन डॉ. मनोज कपिल के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


No comments:
Post a Comment