नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस स्टडीज (आईबीएस) में शुक्रवार को एक प्रेरणादायक अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) सुभाष देशवाल, संस्थापक एवं सीईओ, सनशाइन वेजिटेबल्स प्रा. लि., मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं संकाय सदस्यों ने सहभागिता की।
कर्नल सुभाष देशवाल ने कहा कि यदि आपको सफल बनना है तो भरोसेमंद बना रहना बहुत जरूरी है। साथ ही आपने अपने से जो वादा किया है, उस पर आपको कायम रहना है। उसको पूरा करने के लिए आपको पूरी मेहनत करनी है। उसको पूरा करने के लिए कठिनाई जरूर आएगी, लेकिन यदि आपने हिम्मत नहीं हारी तो अपने से किए वादे को पूरा जरूर कर पाओगे। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना में लगभग 20 वर्षों की सेवा के बाद उन्होंने कृषि क्षेत्र में कदम रखा और शुरुआती संघर्षों व चुनौतियों के बावजूद नवाचार और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर 100 करोड़ रुपये से अधिक का सफल कृषि व्यवसाय स्थापित किया। उन्होंने आगे बताया कि उनके प्रयासों से पहली बार शीतित (टेम्परेचर-कंट्रोल्ड) गाजरों को सड़क मार्ग से मुंबई तक सफलतापूर्वक पहुंचाया गया, जिसने कृषि लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोले। छात्रों को उद्यमिता के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि व्यवसाय में सफलता के लिए गुणवत्ता, मात्रा और प्रतिबद्धता—इन तीनों का संतुलन अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे छोटे स्तर से शुरुआत करें, धैर्य बनाए रखें और केवल विचारों तक सीमित न रहकर उन्हें क्रियान्वित करें। जीवन ऐसा जिएं कि पहचान के बिना न जाएं। सफलता के लिए जरूरी है कि आप भरोसेमंद बनें और अपने वादों पर कायम रहें। केवल योजना नहीं, एक्शन ही आपको आगे बढ़ाता है।
संस्थान के निदेशक प्रो. अतवीर सिंह ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के व्याख्यान न केवल छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करते हैं, बल्कि उन्हें वास्तविक जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए मानसिक रूप से भी तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल सैद्धांतिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि अनुभव, सीख और प्रेरणा भी उतनी ही आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम छात्रों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें अपने करियर के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य निर्धारित करना अनिवार्य है। बिना लक्ष्य के प्रयास दिशाहीन हो जाते हैं। केवल लक्ष्य बनाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उसे हासिल करने के लिए निरंतर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण भी जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका कर्नल देशवाल ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। यह सत्र विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. स्वाति अग्रवाल द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. मनु शर्मा (प्लेसमेंट ऑफिसर) रहे। इस अवसर पर संस्थान के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा, जिनके सामूहिक प्रयासों से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

.jpeg)
No comments:
Post a Comment