नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय,मेरठ के केरल वर्मा सुभारती कॉलेज ऑफ साइंस द्वारा आयोजित दो दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक एवं खेल उत्सव “सतरंग-2026” का भव्य समापन हुआ। रचनात्मकता, कला और खेल भावना के अनूठे संगम ने पूरे विश्वविद्यालय परिसर को ऊर्जा और उत्साह से सराबोर कर दिया। उत्सव का औपचारिक शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
विज्ञान संकाय के डीन प्रो (डॉ.) रवींद्र कुमार जैन ने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है। उन्होंने छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए पाठ्येतर गतिविधियों को अनिवार्य बताते हुए सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. नवीन चंद्रा के नेतृत्व में आयोजन समिति ने सभी गणमान्य अतिथियों का भव्य स्वागत किया।
दो दिनों तक चले इस महोत्सव में 'सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं' के दौरान मंच पर प्रतिभा का सैलाब उमड़ पड़ा। एकल, युगल और समूह गायन की मधुर प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, तो वहीं नृत्य प्रतियोगिताओं में छात्रों की लयबद्ध प्रस्तुतियों पर जमकर तालियां बजीं। मिमिक्री, माइम, शायरी और कविता पाठ जैसी साहित्यिक गतिविधियों ने कार्यक्रम में बौद्धिक मनोरंजन का तड़का लगाया। वही खेल के मैदान से लेकर इनडोर हॉल तक कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। शतरंज और कैरम में जहाँ छात्रों ने अपनी रणनीतिक कुशलता का परिचय दिया, वहीं एथलेटिक्स ट्रैक पर रफ्तार का रोमांच देखने को मिला।
शतरंज - यशस्वी और हर्षित जग्गी ने अपनी चालों से खिताब पर कब्जा किया।
कैरम - जोया शाकिर, सानिया मलिक, दीपेश कुमार और हुद्दी रहमान ने जीत दर्ज की।
सांस्कृतिक कार्यक्रम- मोहम्मद रिहान, मोहम्मद दिलशाद, आदित्य प्रताप सिंह और वंदना स्वरूप ने विभिन्न श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। एथलेटिक्स - 100, 200 और 400 मीटर दौड़ में अवनि सिंह, देवराज सिंह, खुशी और आशिब सबसे तेज धावक बनकर उभरे।
इस भव्य आयोजन की सफलता में डॉ. नवीन चंद्रा और उनकी समर्पित टीम का विशेष योगदान रहा। समारोह के अंत में विजेताओं को ट्राफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ सहित भारी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस उत्सव को यादगार बनाया।
No comments:
Post a Comment