नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठः स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग में एल्यूमनी टॉक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की मुख्य वक्ता विभाग की पूर्व छात्रा सुश्री दीप्ति थीं, जिन्होंने सुभारती विश्वविद्यालय से एम.एड. की उपाधि प्राप्त की है। वर्तमान में वे बिहार लोक सेवा आयोग परीक्षा उत्तीर्ण कर पटना में विज्ञान विषय की टीजीटी अध्यापिका के रूप में कार्यरत हैं।
कार्यक्रम का आयोजन शिक्षा संकाय के सेमिनार हॉल में हाइब्रिड माध्यम से किया गया। व्याख्यान का विषय था - “वर्तमान परिप्रेक्ष्य में बी.एड. के उपरांत करियर के अवसर”। कार्यक्रम का शुभारंभ संचालिका सुश्री आरती द्वारा स्वागत संबोधन एवं सरस्वती वंदना की प्रस्तुति के साथ की गई। इसके उपरांत विभागाध्यक्ष प्रो (डॉ.) अनोज राज ने उद्घाटन भाषण प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग एवं ललित कला संकाय के डीन प्रो. (डॉ.) पिंटू मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया तथा ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रमों के महत्व पर प्रकाश डाला।
मुख्य व्याख्यान सत्र में सुश्री दीप्ति ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि शिक्षा विभाग, स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में प्राप्त ज्ञान एवं प्रशिक्षण उनके वर्तमान करियर में अत्यंत सहायक सिद्ध हुआ है। उन्होंने यह बताया कि शिक्षण एक ऐसा क्षेत्र है जो व्यक्ति को समाज में सर्वोच्च सम्मान दिलाता है तथा इस में वेतन भी अत्यंत आकर्षक होता है। अतः इस क्षेत्र में अपार अवसर उपलब्ध हैं, आवश्यकता केवल स्वयं को इस योग्य बनाने की है कि हम न केवल इस क्षेत्र में प्रतिष्ठा अर्जित करें, बल्कि आर्थिक रूप से भी सुदृढ़ बन सकें।
साथ ही उन्होंने बी.एड. के पश्चात उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों जैसे सरकारी सेवाएं, निजी संस्थानों में अवसर तथा कोचिंग संस्थान स्थापित करने के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की। व्याख्यान के पश्चात प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम का समापन कार्यक्रम की प्रभारी डॉ. रूबी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

No comments:
Post a Comment