नित्य संदेश एजेंसी
मुंबई। पायधुनी इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध फूड प्वाइजनिंग से मौत हो गई. 25 अप्रैल की रात खाना खाने और बाद में तरबूज खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी. अस्पताल में इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है. रिपोर्ट का इंतजार है.
मुंबई से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध फूड प्वाइजनिंग से मौत हो गई. यह घटना मुंबई के पायधुनी इलाके की है, जहां इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. मृतकों में 40 वर्षीय पति, 35 वर्षीय पत्नी और उनकी दो बेटियां, जिनकी उम्र 16 और 13 साल थी. मृतकों की पहचान अब्दुल्ला डोकाडिया, उनकी पत्नी नसरीन डोकाडिया और उनकी बेटियों आयशा और जैनब के रूप में हुई है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह मामला फूड प्वाइजनिंग से जुड़ा हो सकता है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
जानकारी के मुताबिक, 25 अप्रैल की रात परिवार ने अपने घर पर कुछ रिश्तेदारों को बुलाया था. कुल 9 लोगों ने मिलकर रात करीब साढ़े 10 बजे खाना खाया. बताया जा रहा है कि परिवार ने उस रात बिरयानी खाई थी. खाना खाने के बाद रिश्तेदार अपने-अपने घर चले गए. इसके बाद देर रात करीब 1 से 1.30 बजे के बीच परिवार के चारों सदस्यों ने तरबूज खाया. इसके कुछ घंटों बाद ही उनकी तबीयत बिगड़नी शुरू हो गई. 26 अप्रैल की सुबह करीब साढ़े 5 से 6 बजे के बीच चारों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी. उनकी हालत तेजी से खराब होती गई.
पायधुनी में एक ही परिवार खत्म, इलाके में दहशत
परिवार के सदस्यों को तुरंत नजदीक के साबू सिद्दीक अस्पताल ले जाया गया. वहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जेजे अस्पताल रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन एक-एक कर सभी की मौत हो गई. इलाज के दौरान सबसे पहले 13 साल की छोटी बेटी जैनब की सुबह करीब सवा 10 बजे मौत हुई. इसके बाद बाकी तीनों की हालत भी लगातार बिगड़ती रही. रात करीब साढ़े 10 बजे पति अब्दुल्ला डोकाडिया ने भी दम तोड़ दिया. इस तरह एक ही दिन में पूरा परिवार खत्म हो गया. इस मामले में मुंबई पुलिस ने जेजे मार्ग थाने में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है.
घटना पर डीसीपी प्रवीण मुंढे ने बताया कि 25 अप्रैल को परिवार ने रिश्तेदारों के साथ खाना खाया था और बाद में रात में तरबूज खाया था. इसके बाद सुबह से ही उन्हें उल्टी और लूज मोशन की शिकायत शुरू हो गई थी. उन्होंने कहा कि सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई. पोस्टमार्टम किया जा चुका है और शरीर से सैंपल लिए गए हैं. साथ ही खाने के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं. आगे की जांच जारी है.
स्थानीय निवासी और डॉक्टर जैद कुरैशी ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रात में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी. उन्हें उल्टी, दस्त और कमजोरी की शिकायत थी. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. सभी की नजर अब पोस्टमार्टम और हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट पर टिकी है.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
इसी रिपोर्ट के आधार पर यह साफ हो पाएगा कि मौत की असली वजह क्या थी. यह मामला कई सवाल खड़े करता है. क्या यह सिर्फ फूड प्वाइजनिंग का मामला है या इसके पीछे कोई और कारण है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।
No comments:
Post a Comment