कुलपति डॉ. जे.पी. पांडेय देंगे 451 विद्यार्थियों को डिग्रियां, 66 मेधावियों को मेडल व ₹4.15 लाख के नकद पुरस्कार
अखिल गौतम
नित्य संदेश, साहिबाबाद। इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज (आईपीईसी) में 17 अप्रैल को शैक्षणिक उत्कृष्टता और औद्योगिक समन्वय का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एकेटीयू), लखनऊ के सहयोग से आयोजित यूनिवर्सिटी–इंडस्ट्री मीट एवं दीक्षांत समारोह 2026 को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों के लिए उपलब्धियों का उत्सव होगा, बल्कि उद्योग और अकादमिक जगत के बीच सेतु निर्माण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
कार्यक्रम में एकेटीयू के कुलपति प्रोफ़ेसर डॉ. जे.पी. पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान करेंगे। वहीं, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के सेंट्रल रिसर्च लैबोरेट्री के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनूप कुमार राय विशिष्ट अतिथि के रूप में उद्योग जगत के अनुभव साझा करेंगे। प्रेस वार्ता में कैंपस निदेशक डॉ. डी.के. शर्मा ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य शिक्षा और उद्योग के बीच मौजूद अंतर को कम करना, नवाचार को बढ़ावा देना और विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी कौशल से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि इंडस्ट्री-रेडी स्किल्स भी उतनी ही आवश्यक हैं, और यही इस मीट का मुख्य फोकस रहेगा। उन्होंने जानकारी दी कि एकेटीयू और आईपीईसी टीबीआई फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस इंडस्ट्रियल मीट में इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन, साहिबाबाद इंडस्ट्री एसोसिएशन, गाजियाबाद व नोएडा मैनेजमेंट एसोसिएशन तथा जिला उद्योग निगम के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसके साथ ही 70 से अधिक मल्टीनेशनल और नवरत्न कंपनियों के फाउंडर, मैनेजिंग डायरेक्टर, वरिष्ठ प्रबंधक और एचआर प्रमुख अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। कार्यक्रम की विशेषता यह भी होगी कि संस्थान के 50 से अधिक सफल पूर्व छात्र, जो वर्तमान में अपने-अपने स्टार्टअप स्थापित कर चुके हैं, युवा विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे। करीब 100 से अधिक उद्योग विशेषज्ञों की मौजूदगी में कुलपति प्रोफ़ेसर डॉ. जे.पी. पांडेय के साथ संवाद सत्र आयोजित होगा, जिसमें इंडस्ट्री की वास्तविक चुनौतियों पर चर्चा कर उनके व्यावहारिक समाधान तलाशे जाएंगे।
दीक्षांत समारोह में कुल 451 छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग के 168, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग के 103, डाटा साइंस के 66, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के 12 तथा इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के 102 छात्र शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 66 मेधावी छात्रों को मेडल से सम्मानित किया जाएगा और लगभग ₹4.15 लाख की नकद पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी। डॉ. शर्मा ने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री के विकसित भारत 2047 के विजन और उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक सार्थक कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर डीन एकेडमिक्स अमित जैन, रजिस्ट्रार अल्पना रानी, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. मीनाक्षी शर्मा और मीडिया हेड अजय चौधरी सहित संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment