नित्य संदेश ब्यूरो
मवाना। तहसील परिसर में भारतीय किसान यूनियन (भानु) के प्रदेशाध्यक्ष (युवा) पश्चिमी उत्तर प्रदेश अमित त्यागी, गणेशपुर के नेतृत्व में सोमवार को किसानों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। इस दौरान किसानों ने उपजिलाधिकारी मवाना को किसानों एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
धरने को संबोधित करते हुए अमित त्यागी ने कहा कि क्षेत्र के किसान लंबे समय से विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन उनका समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही किसानों की समस्याओं का निस्तारण नहीं किया गया तो किसान सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उपजिलाधिकारी मवाना संतोष कुमार सिंह ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए एक सप्ताह के भीतर उनके निस्तारण का आश्वासन दिया।
धरने के दौरान भाकियू (भानु) के पदाधिकारियों डॉ. नुसरत सेठ, पुनीत त्यागी, ठाकुर यशवीर सिंह, अंकित गुर्जर, नितिन त्यागी, अंशुल, राधेश्याम त्यागी, नरेंद्र नम्बरदार एवं महिपाल सिंह गुर्जर ने बताया कि मवाना क्षेत्र में आवारा पशुओं के बढ़ते आतंक से किसानों की फसलें लगातार नुकसान झेल रही हैं। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए गौशाला निर्माण या पशु पकड़ अभियान चलाने की मांग की गई।
इसके अलावा पंजाब एंड सिंध बैंक, गणेशपुर व जिला सहकारी बैंक चितमाना-शेरपुर में किसान क्रेडिट कार्ड सब्सिडी में हुए कथित घोटाले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा किसानों को लंबित सब्सिडी दिलाने की मांग उठाई गई। टिकोला शुगर फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर भी सवाल उठाए गए।
किसानों ने ग्राम गणेशपुर में तालाब व रास्ते के गलत निर्माण से हो रहे जलभराव की समस्या के समाधान, लगभग 16 बीघा तालाब भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमण को हटाकर जल निकासी दुरुस्त कराने, गांवों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने तथा जनपद में नकली कीटनाशक व उर्वरक की बिक्री पर रोक लगाने सहित कुल 12 मांगों को प्रमुखता से रखा।
No comments:
Post a Comment