नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शहीद मंगल पांडे राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय में मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत मिशन शक्ति समिति और एनसीसी इकाई के तत्वावधान में छात्राओं हेतु आत्म रक्षा प्रशिक्षण के दस दिवसीय शिविर का समापन किया गया।
20 फरवरी से आरंभ हुए इस शिविर में कराटे ब्लैक बेल्ट मास्टर नीलम मिश्रा ने प्रशिक्षण प्रदान किया । छात्राओं को आत्मरक्षा के उपाय सिखाने तथा महिला सशक्तिकरण के दृष्टिगत आयोजित इस दस दिवसीय शिविर में 25 एनसीसी कैडेट सहित कुल तीस छात्राओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया । उत्तर प्रदेश शासन के महिलाओं व बालिकाओं को सशक्त बनाने के इस महत्वपूर्ण अभियान मिशन शक्ति के अंतर्गत महाविद्यालय द्वारा छात्राओं को आत्मरक्षा के आरम्भिक तौरतरीक़े सिखाने के दृष्टिगत यह आयोजन किया गया है।
शिविर के दौरान नीलम ने छात्राओं को आत्मरक्षा के विभिन्न तरीक़ों का अभ्यास कराया । नीलम द्वारा प्रशिक्षण के उपरांत आठ कैडेट में प्रतिभा को देखते हुए उनको टूर्नामेंट में सहभागिता के लिए तैयार करने हेतु उनका प्रशिक्षण आगे भी जारी रखने का निर्णय लिया गया । कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य प्रो० अंजू सिंह ने की और सभी छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों को प्रतिदिन अभ्यास करने की आवश्यकता से अवगत करवाया तथा सभी को शुभकामनाएं दीं ।
कार्यक्रम का संयोजन एनसीसी अधिकारी और मिशन शक्ति प्रभारी कैप्टन लता कुमार ने किया। प्रशिक्षण में मिशन शक्ति समिति के सदस्यों प्रो अनुजा गर्ग, प्रो स्वर्णलता कदम तथा डा. मनीषा भूषण ने भी सहयोग किया ।

No comments:
Post a Comment