नित्य संदेश ब्यूरो
नई दिल्ली। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) ने नई दिल्ली के द्वारका स्थित 'यशोभूमि' में 7 से 10 अक्टूबर 2026 तक आयोजित हो रहे एशिया के सबसे बड़े टेक्नोलॉजी सम्मेलन 'इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2026' में अपनी सशक्त सहभागिता दर्ज कराई है। विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के प्रेरणादायी मार्गदर्शन और 'सृजन संचार' के साथ विशेष सहयोग के अंतर्गत सीसीएस यूनिवर्सिटी की टीम ने इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी तकनीकी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
सम्मेलन के पहले दिन विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद (EC) के माननीय सदस्य डॉ. शैलेंद्र जायसवाल एवं प्रो. आर.के. सोनी के कुशल नेतृत्व में सीसीएसयू प्रतिनिधिमंडल ने प्रतिभाग किया। इस प्रतिनिधि दल में डॉ. शोभित सक्सेना, डॉ. अंशु चौधरी और ईसी संकाय के छात्र सौबान मौजूद रहे। इस सहभागिता के लिए माननीय कुलपति द्वारा टीम को विशेष प्रोत्साहन प्राप्त हुआ है। सम्मेलन के दौरान 8 अक्टूबर 2026 को देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आईएमसी का भ्रमण करेंगे, जिसे लेकर विश्वविद्यालय के दल में भारी उत्साह है। वहीं इस पूरे कार्यक्रम के सफल समन्वय और प्रबंधन में विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान (Chemistry) विभाग की प्रो. नाज़िया ने अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आईएमसी की तकनीकी प्रदर्शनी में विश्वविद्यालय के शिक्षकों और छात्र शोधकर्ताओं द्वारा अपने आधुनिक आविष्कारों, शोध पोस्टर्स और छात्र स्टार्टअप्स का एक साथ प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया। इसमें डॉ. राकेश कुमार पांडेय ने बायोसेंसर एवं वियरेबल आईसी (Wearable IC) तकनीक तथा डॉ. शोभित सक्सेना ने उन्नत एंटीना तकनीक का प्रदर्शन किया, जबकि डॉ. अंशु चौधरी सहित पूरी टीम के शोध पोस्टर्स को विशेषज्ञों ने खूब सराहा। इसी क्रम में विश्वविद्यालय से जुड़े छात्र स्टार्टअप्स को भी मंच पर प्रस्तुत किया गया, जिसमें '0LAB' (जीरो लैब) के फाउंडर एवं रिसर्चर केशरी नन्दन ने स्पेस टेक के लिए फिजिकल ऑन-डिवाइस एज एआई (Physical On-Device Edge AI) मॉडल और 'क्रूज़हेड' (Cruisehead) के डायरेक्टर सौबान अहमद ने अपने आधुनिक एग्रीकल्चर ड्रोन का सफल प्रदर्शन किया।

No comments:
Post a Comment