नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के केरल वर्मा सुभारती कॉलेज ऑफ साइंस द्वारा राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो. पवन कुमार (डीन, स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय ) तथा प्रो. आर.के. जैन (डीन, विज्ञान संकाय) द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में लगभग 180 छात्रों ने वर्किंग एवं नॉन-वर्किंग मॉडल, पोस्टर प्रस्तुति तथा मौखिक पीपीटी के माध्यम से अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में छात्रों के नवाचार, रचनात्मकता एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली। मुख्य अतिथि प्रो. पवन कुमार ने “सतत ऊर्जा भविष्य के लिए परमाणु सामग्री” विषय पर एक अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरक व्याख्यान दिया। उन्होंने ऊर्जा के क्षेत्र में वैज्ञानिक अनुसंधान एवं नवाचार की आवश्यकता पर बल देते हुए छात्रों को शोध एवं नवाचार के लिए प्रेरित किया।
विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. शल्या राज ने आयोजन की सराहना की तथा छात्रों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान प्रवृत्ति एवं आत्मविश्वास को सुदृढ़ करते हैं। कार्यक्रम के अंत में समन्वयक डॉ. अमित कुमार ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कॉलेज के समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। यह आयोजन विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि जागृत करने एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
No comments:
Post a Comment