नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग, एफओई परिसर में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं निर्णायक मंडल में ओम प्रकाश वर्मा इंटर कॉलेज घाट के प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह वर्मा तथा मॉडर्न विद्या निकेतन के प्रधानाचार्य नीरज तिवारी शामिल रहे। प्रदर्शनी आरंभ होते ही विभिन्न छात्र-छात्राओं ने अपनी परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। विद्यार्थियों ने सौर ऊर्जा, अंतरिक्ष उपग्रह, जलविद्युत जनरेटर, हाइड्रोलिक लिफ्ट, मानव हृदय के कार्यशील मॉडल सहित अनेक वैज्ञानिक मॉडलों एवं चार्ट्स का प्रदर्शन किया। कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) पी.के. शर्मा एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रोफेसर (डॉ.) शल्या राज तथा डीन प्रोफेसर (डॉ.) संदीप चौधरी ने कार्यक्रम के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) दीरा सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों में रचनात्मकता विकसित करने हेतु ऐसे आयोजनों का नियमित रूप से होना आवश्यक है। प्रो. (डॉ.) जरा ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण के विकास के उद्देश्य से आयोजित किए जाते हैं। प्रोफेसर (डॉ.) मंजू अधिकारी ने अपने प्रेरणादायी शब्दों से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
सहायक प्रोफेसर डॉ. रूपम जैन ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में युवा पीढ़ी के योगदान के महत्व पर प्रकाश डाला। निर्णायक मंडल ने छात्रों द्वारा डिजाइन किए गए सभी मॉडलों का मूल्यांकन किया। प्रतिभागियों ने अपने कार्यशील मॉडलों की अवधारणाओं को स्पष्ट करने हेतु दृश्य प्रस्तुतियां भी दीं। इस प्रदर्शनी में कुल 14 टीमों ने भाग लिया, जिनमें 35 छात्र-छात्राएं शामिल थे। आशिता, अनुष्का, लक्षिता, रिया एवं सिमरन द्वारा निर्मित मानव हृदय मॉडल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इतिशा एवं धानी द्वारा निर्मित गुरुत्वाकर्षण केंद्र मॉडल द्वितीय स्थान पर रहा, जबकि रिया कौशिक एवं अनुष्का तोमर द्वारा तैयार स्वचालित स्ट्रीट लाइट मॉडल को तृतीय स्थान मिला।
प्रदर्शनी में सहभागिता करने वाले सभी विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रयासों के लिए प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का समापन निर्णायक मंडल के उद्बोधन एवं सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देने के साथ हुआ। एम.एड. की छात्रा सुश्री रितिका वर्मा ने कार्यक्रम की मीडिया कवरेज का दायित्व प्रभावी रूप से निभाया। डॉ. रूपम जैन (सहायक प्रोफेसर) ने कार्यक्रम का सफल समन्वय किया। विज्ञान प्रदर्शनी में शिक्षा विभाग के सभी संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment