ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी बास्केटबॉल चैंपियनशिप का सुभारती में शानदार आगाज़
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठः स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के जनरल मोहन सिंह क्रीडांगण में ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी बास्केटबॉल चैंपियनशिप का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज(एआईयू) के बैनर तले आयोजित इस चैंपियनशिप में देश के विभिन्न प्रदेशों के 87 विश्वविद्यालयों के सैकड़ों प्रतिभागियों की टीम महिला और पुरुष वर्ग में हिस्सा ले रही हैं।
यह चैंपियनशिप 24 मार्च से 28 मार्च 2026 तक सुभारती विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल कोर्ट में आयोजित हो रही है। बता दें कि इस चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह के कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के सत्यजीत रे प्रेक्षागृह में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश मेरठ के कुलपति मेज. जन. दीप अहलावत(सेनि.) मुख्य अतिथि व एआईयू के पर्यवेक्षक डॉ शाहनवाज खान व विशाल गुप्ता, अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी, विरेंद्र राठी-राष्ट्रीय कबड्डी कोच व पूर्व उप निरीक्षक यूपी पुलिस, अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी हनी सिंह, खेलो इंडिया के 2019 व 2022 के पदक विजेता खिलाड़ी फैजल खान व राष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच मंजीत सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बोलते हुए मुख्य अतिथि मेज. जन. दीप अहलावत(सेनि.) ने कहा कि देश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के लागू होने के बाद से न केवल शिक्षा के क्षेत्र में ही बदलाव हो रहे हैं अपितु खेलों के क्षेत्र में भी अब हमारा देश शनैः शनैः विश्व विजेता बनने की ओर कदम बढ़ा रहा है। खेलों का मतलब केवल पदक जीतना ही नहीं होता है बल्कि इसका अर्थ आप में एक खिलाड़ी के रूप में संयम, अनुशासन, एकजुटता, आपसी सद्भाव, सौहार्द एवं मानवता के गुणों के रोपण, नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। इस अवसर पर उन्होंने मिल्खा सिंह के शब्दों को दोहराते हुए कहा कि मिल्खा सिंह ने कहा था कि आप जितनी ज्यादा मेहनत करेंगे, आप उतने ही महान बनेंगे। उन्होंने आगे बोलते हुए कहा कि खेल हमें ना सिर्फ महान खिलाड़ी बनाते हैं बल्कि ये हमें एक नेक इंसान भी बनाते हैं। बास्केटबॉल जैसे तेज एवं रणनीतिक खेल में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों से मेरा आग्रह है कि वे खेल को केवल प्रतिस्पर्धा के रूप में ही नहीं, बल्कि सीखने और स्वयं को निखारने के अवसर के रूप में देखें। जीत और हार खेल का अभिन्न हिस्सा हैं, परंतु सच्ची सफलता वही है जो आपको बेहतर इंसान और खिलाड़ी बनाए।
वहीं इस अवसर पर अपने संबोधन में विशिष्ट अतिथि (डॉ.) शाहनवाज खान, पर्यवेक्षक-अखिल भारतीय खेल संघ ने कहा कि “स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ में आयोजित इस प्रतिष्ठित अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय बास्केटबॉल चैम्पियनशिप के उद्घाटन अवसर पर उपस्थित होकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता एवं गौरव का अनुभव हो रहा है। एआईयू के तत्वावधान में आयोजित यह प्रतियोगिता न केवल खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करती है, बल्कि विभिन्न विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच आपसी सहयोग, अनुशासन एवं खेल भावना को भी सुदृढ़ करती है।
वहीं विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने अपने संबोधन में कहा कि अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय बास्केटबॉल चैम्पियनशिप जैसे राष्ट्रीय स्तर के आयोजन विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क एवं नेतृत्व क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मंच युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में सीखने तथा राष्ट्र स्तर पर पहचान बनाने का सशक्त अवसर प्रदान करते हैं।
विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय के संकायाध्यक्ष एवं खेल समिति के चेयरमैन लेफ्टिनेंट (डॉ.) संदीप चौधरी ने कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत करते हुए अपने संबोधन में कहा कि हमारी आयोजन समिति की टीम 24 घंटे इस आयोजन को सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। यह हमारे विश्वविद्यालय की उस छवि का ही परिणाम है कि आज यहां आयोजित होने वाले किसी भी प्रतियोगिता में सभी टीमें सहर्ष आने को तैयार रहती हैं। यह छवि हमने विगत वर्षों में एक परिवार की तरह एकजुट होकर विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के जरिए बनाई है। मुझे विश्वास है कि इस बार भी जो खिलाड़ी एवं मैनेजर आए हुए हैं वे ना सिर्फ यहां के वातावरण को देख कर संतुष्ट होंगे अपितु हमारे आतिथ्य से भी उनको प्रसन्नता होगी।
इस दौरान सुभारती विश्वविद्यालय के कुलसचिव ग्रुप कैप्टन एम. याकूब(सेनि.), प्रति-कुलपति डॉ. देवेंद्र स्वरूप, अति.प्रति-कुलपति डॉ. मुनीश सी रेड्डी, डॉ. सुधीर त्यागी, डॉ. पिंटू मिश्रा, डॉ. प्रवीण, डॉ. रविंद्र जैन, डॉ. अमित गोयल, डॉ. मंजू अधिकारी पांडेय, डॉ. अतुल तिवारी, डॉ. इंद्रनील बोस, डॉ. ऋतेष चौधरी आदि उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment