संजय शर्मा
नित्य संदेश, हाथरस। जनपद में यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार निजी डबल डेकर बस ने ओवरटेक करने की कोशिश में आगे चल रही इको वैन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वैन उछलकर करीब 10 फीट दूर जा गिरी और उसका पिछला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में पति-पत्नी समेत 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, हादसा सादाबाद कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 141 के पास तड़के करीब 4:15 बजे हुआ। बस दिल्ली से गोरखपुर की ओर जा रही थी, जबकि इको वैन दिल्ली से धौलपुर (राजस्थान) जा रही थी। वैन में कुल 13 लोग सवार थे, जो होली का त्योहार मनाने अपने-अपने घर लौट रहे थे। हादसे में मृतकों की पहचान विजय (27) पुत्र सुखराम बघेल, उनकी पत्नी पिंकी (26) निवासी सुडरई थाना शमशाबाद (आगरा), नाथू देवी (35) पत्नी अमर सिंह निवासी रोड़ी खास थाना शमशाबाद (आगरा), दिनेश (55) पुत्र हुकम सिंह, पत्नी सुनीता (51) निवासी गंगोलियापुर थाना राजाखेड़ा, धौलपुर (राजस्थान) और लोकेश (35) पुत्र भूरी सिंह निवासी चमोली घर थाना राजाखेड़ा, धौलपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। मृतकों में 3 आगरा और 3 राजस्थान के धौलपुर निवासी बताए जा रहे हैं।
घायलों में इको चालक वीरेंद्र पुत्र रामप्रकाश सहित मनोज पुत्र सुरेश, आर्यन (8), अंशु (6), लक्ष्य (1), प्राची (3) और पूनम बघेल (15) शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल खंदौली सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से तीन की हालत गंभीर होने पर आगरा रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर चीख-पुकार मच गई और कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करने के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है। बस चालक से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। होली से पहले हुए इस हादसे ने हाथरस सहित आगरा और धौलपुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।
No comments:
Post a Comment