नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ।स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय मेरठ के एलुमनाई ट्रस्ट द्वारा आयोजित एलुमनाई होली मिलन समारोह ‘रंगोत्सव’ हर्षोल्लास एवं आत्मीय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के 150 से अधिक पूर्व छात्रों ने सहभागिता की और रंगों के इस पर्व को आपसी सौहार्द, स्मृतियों और नवसंकल्पों के साथ मनाया कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संगीत, हास्य व्यंग्य और पारंपरिक होली गीतों ने वातावरण को उल्लासमय बना दिया। पूर्व छात्रों ने अपने छात्र जीवन की स्मृतियाँ साझा करते हुए विश्वविद्यालय के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. शल्या राज, जो स्वयं भी विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रा हैं, ने अपने संदेश में कहा कि “रंगोत्सव केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि यह हमारे रिश्तों, मूल्यों और संस्कारों का उत्सव है। सुभारती विश्वविद्यालय ने हमें जो शिक्षा और जीवन-दृष्टि दी है, वह हमें जीवनभर जोड़कर रखती है। एलुमनाई नेटवर्क विश्वविद्यालय की सबसे बड़ी शक्ति है, और आप सभी की उपलब्धियाँ ही हमारी वास्तविक पहचान हैं।” एलुमनाई ट्रस्ट की अध्यक्ष डॉ. नुपुर कौशिक ने कहा कि “रंगोत्सव के माध्यम से हम केवल होली नहीं मना रहे, बल्कि हम अपने पुराने संबंधों को फिर से जीवंत कर रहे हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न संकायों के पूर्व छात्रों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित भी किया गया। स्वादिष्ट पारंपरिक व्यंजनों और रंग-गुलाल के साथ कार्यक्रम का समापन सामूहिक फोटोग्राफी एवं ‘होली मिलन’ के रंगारंग आयोजन के साथ हुआ। इस अवसर पर डॉ. सुधीर त्यागी, डॉ. मनोज त्रिपाठी, डॉ. रुबी राजपूत,डॉ. राखी झा, डॉ. शाजिया, डॉ. मंजू अधिकारी, डॉ. सपना, इंजी. गुरुसेवक केसरवानी, डॉ. नेहा सिंह, डॉ. दानिश नोमान, अरशद, डॉ. अमित पुनिया, डॉ. अंकित सिंह जादौन, डॉ. संगीता, डॉ. दीपेश, नवदीप सिंह, दाउद चौहान, सरल कादियान, डॉ. अनुज, डॉ. नीतू, डॉ. आकांक्षा आदि उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment