नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) मेरठ द्वारा आयोजित 52वीं उत्तर प्रदेश पावर सेक्टर अंतर परियोजना / डिस्कॉम क्रिकेट प्रतियोगिता अब अपने अंतिम पड़ाव पर है।
प्रतियोगिता का आयोजन 05 से 08 अक्टूबर तक मेरठ में किया जा रहा है। बुधवार को गांधी बाग और शर्मा नगर क्रिकेट मैदान में खेले गए दोनों सेमीफाइनल मुकाबले बेहद रोमांचक रहे।
पहला सेमीफाइनल - अनपरा ने मारी बाजी
शर्मा नगर क्रिकेट ग्राउंड पर पहला सेमीफाइनल हरदुआगंज और अनपरा के बीच खेला गया। हरदुआगंज की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 100 रन बनाए। जवाब में अनपरा की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 18.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और फाइनल में जगह बना ली।
दूसरा सेमीफाइनल - 2 रन से जीता UPPCL मुख्यालय
दूसरा सेमीफाइनल गांधी बाग मैदान में पूर्वांचल डिस्कॉम और उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन (UPPCL) मुख्यालय के बीच हुआ। UPPCL मुख्यालय ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 117 रन का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पूर्वांचल डिस्कॉम की टीम 115 रन पर ही सिमट गई। UPPCL मुख्यालय ने 2 रन के बेहद करीबी अंतर से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
कल होगा फाइनल
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला कल, 08 अक्टूबर को सुबह 8:30 बजे गांधी बाग क्रिकेट ग्राउंड में अनपरा और UPPCL मुख्यालय के बीच खेला जाएगा।
वहीं तीसरे स्थान के लिए हरदुआगंज परियोजना और पूर्वांचल डिस्कॉम के बीच मुकाबला शर्मा नगर ग्राउंड में सुबह 8:00 बजे होगा। फाइनल के बाद गांधी बाग मैदान में ही समापन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें विजेता, उप-विजेता टीमों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन में अर्जुन अवार्डी एवं स्पोर्ट्स ऑफिसर अलका तोमर, जतन सिंह, बिजेन्द्र सिंह, माँगेराम का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर वरिष्ठ क्रीड़ा अधिकारी श्री विनय कुमार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन दिलमणि थपलियाल ने किया।
No comments:
Post a Comment