Breaking

Your Ads Here

Monday, February 23, 2026

सात दिवसीय विशेष शिविर में पर्यावरण संरक्षण थीम के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। कनोहर लाल स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय में प्राचार्य प्रोफेसर किरण प्रदीप के संरक्षण में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा श्री राम सरस्वती शिशु मंदिर में चल रहे सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन पर्यावरण संरक्षण थीम के अंतर्गत कार्यक्रम कराए गए। सर्वप्रथम स्वयंसेविकाओं स्नेहा, खुशी, मुस्कान, तान्या सोफिया आदि के द्वारा शिविर स्थल की साफ-सफाई की गई। इसके पश्चात तनु, लक्ष्मी, मानसी, पलक, मुस्कान के द्वारा सभी को दैनिक प्रार्थना, लक्ष्य गीत आदि कराया गया। तत्पश्चात माही एवं खुशी ने सभी स्वयंसेविकाओं को योग कराया।

स्वयंसेविकाओं ने पर्यावरण संरक्षण के विषय में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शिविर के आसपास के मोहल्ले में जागरूकता रैली निकाली एवं लोगों को पर्यावरण को संरक्षित करने हेतु जागरूक किया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जागरूक नागरिक एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश शुक्ला उपस्थित थे, आप पर्यावरण संरक्षण हेतु वृक्षारोपण, जल संरक्षण, पॉलीथिन व प्लास्टिक प्रदूषण को हटाने हेतु लंबे समय से कार्य कर रहे हैं। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में स्वयंसेविकाओं को विभिन्न प्रकार के वृक्षों एवं उनके औषधिय गुणों से परिचित कराया, साथ ही उन्होंने वृक्षारोपण के महत्व के विषय में सभी को विस्तार से समझाया एवं और लोगों को भी जागरूक करने हेतु प्रेरित किया। साथ ही पंचवटी के पांच वृक्षों के बारे में भी बताया एवं उनके लाभकारी गुणों से सभी को अवगत कराया। स्वयंसेविकाएं मुख्य अतिथि गिरीश शुक्ला के व्याख्यान से बहुत प्रभावित एवं प्रेरित हुई एवं उन्होंने वृक्षारोपण का संकल्प लिया।

तत्पश्चात डॉ. दिव्या जैन  ने स्वयं सेविकाओं को उनकी जन्म की तिथि के अनुसार वृक्ष या पौधे दान करने के विषय में बताया। साथ ही उन्होंने छात्राओं को भविष्य में आत्मनिर्भर बनने हेतु प्रेरित किया। इसी क्रम में डॉ. विशाल जैन  ने स्वयं सेविकाओं को स्वास्थ्य संबंधी अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां दी, जैसे दिन भर में कितना पानी पीना चाहिए, आयु के अनुसार कितना प्रोटीन लेना चाहिए एवं किस प्रकार छोटी-छोटी आदतों के द्वारा स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए इत्यादि के विषय में स्वयं सेविकाओं को अवगत कराया। कार्यक्रम में सभी स्वयंसेविकाएं उपस्थित थी।

शिविर का संयोजन एवं संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डा० पूजा राय के द्वारा किया गया। इसके सफल आयोजन में संजीव माहेश्वरी तथा सुरेश चंद्र प्रजापति का विशेष सहयोग रहा।


No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here