तरुण आहुजा
नित्य संदेश, मेरठ। शास्त्री नगर सेंट्रल मार्किट में बने अवैध निर्माण को लेकर चल रही कार्रवाई के बीच आज नोटिस अवधि पूरी हो रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि प्रशासन पहले पुराने मामलों पर बुलडोज़र चलाएगा या नए निर्माणों पर सख्ती दिखाएगा।
बताया जा रहा है कि 25/26 अक्टूबर को 661/6 नंबर की संपत्ति को जमींदोज़ किया गया था। उसके बाद जारी नोटिसों की समय-सीमा आज समाप्त हो रही है। ऐसे में बाजार में चर्चाएं तेज हैं कि “पहला नंबर किसका होगा?” कुछ दुकानदारों ने संभावित कार्रवाई को देखते हुए अपनी दुकानों के शटर तक उतरवा दिए हैं और दुकानें बंद कर दी हैं। व्यापारियों में असमंजस और चिंता का माहौल बना हुआ है।
छोटे बनाम बड़े निर्माण पर सवाल
स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि कार्रवाई छोटी-छोटी दुकानों (छोटी मछलियों) पर तेजी से होती है, जबकि बड़े अवैध निर्माण (व्हेल मछली) पर प्रशासन की ओर से नरमी बरती जाती है। उनका कहना है कि जिन निर्माणों से राजस्व को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है, वहां केवल औपचारिकता निभाई जा रही है और “कंपाउंडिंग” का राग अलापा जा रहा है।
व्यापारियों ने मांग की है कि यदि कार्रवाई हो तो समान रूप से और पारदर्शिता के साथ हो — चाहे वह छोटा व्यापारी हो या बड़ा बिल्डर। अब निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं कि सख्ती की शुरुआत कहां से होगी और क्या नियम सभी पर समान रूप से लागू किए जाएंगे।
No comments:
Post a Comment