नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शोभित इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (डीम्ड-टू-बी यूनिवर्सिटी), मेरठ एवं मेरठ मैनेजमेंट एसोसिएशन के मध्य उद्यमिता विकास एवं उद्योग–अकादमिक सहयोग को सुदृढ़ करने हेतु एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
यह एमओयू विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को उद्योग जगत से सीधे जोड़ने, विशेषज्ञ मार्गदर्शन, मेंटरशिप, प्रबंधन विकास कार्यक्रम, लाइव प्रोजेक्ट्स, इंटर्नशिप अवसर एवं उद्यमिता उन्मुख गतिविधियों के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक ठोस पहल है। इस समझौते से विद्यार्थियों को वास्तविक व्यावसायिक परिवेश की समझ विकसित करने तथा नेतृत्व एवं नवाचार कौशल को सशक्त बनाने में सहायता मिलेगी। एमओयू पर विश्वविद्यालय की ओर से रजिस्ट्रार प्रो. (डॉ.) गणेश भारद्वाज एवं मेरठ मैनेजमेंट एसोसिएशन की ओर से प्रेसिडेंट श्री एस.पी. सिंह (डीजीएम, पंजाब नेशनल बैंक – सेवानिवृत्त) द्वारा हस्ताक्षर किए गए।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सीनियर डायरेक्टर (एचआर एवं कॉर्पोरेट रिलेशंस) प्रो. (डॉ.) देविंदर नारायण, डीन अकादमिक्स प्रो. (डॉ.) अशोक गुप्ता, निदेशक NICE SBS प्रो. (डॉ.) विकास गुप्ता एवं निदेशक आउटरीच डॉ. नेहा वशिष्ठ की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में MMA के विशिष्ट पदाधिकारियों एवं उद्योग जगत के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों की उपस्थिति रही, जिनमें मेजर जनरल पंकज कौशिक (आर्मी वेटरन), श्री एस. रविचंद्रन (सप्लाई चेन विशेषज्ञ), सुश्री मधु डांग (शिक्षाविद एवं समाजसेवी), श्री संजीव गुप्ता (सीईओ, दौराला ऑर्गेनिक्स), श्री सुखविंदर सिंह (कार्यकारी निदेशक, MMA) तथा श्री एन.आर. गर्ग (पूर्व मुख्य प्रबंधक, पंजाब नेशनल बैंक) प्रमुख रहे।
एमओयू हस्ताक्षर अवसर पर आयोजित विशेषज्ञ व्याख्यान में मुख्य वक्ता श्री एस.पी. सिंह ने “उद्यमियों के लिए बैंकों की भूमिका” विषय पर सारगर्भित विचार व्यक्त किए। उन्होंने उद्यमी के गुणों—दूरदर्शिता, नवाचार, जोखिम वहन क्षमता एवं प्रबंधन दक्षता—पर प्रकाश डालते हुए वित्तीय अनुशासन, पूंजी प्रबंधन तथा बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR) के महत्व को रेखांकित किया। यह साझेदारी विश्वविद्यालय और उद्योग के मध्य दीर्घकालिक सहयोग का सशक्त आधार बनेगी तथा विद्यार्थियों के समग्र व्यावसायिक विकास को नई गति प्रदान करेगी।

No comments:
Post a Comment