नित्य संदेश ब्यूरो
सरधना। नगर के मोहल्ला इस्लामाबाद निवासी मेधावी छात्रा शुएबा कुरैशी ने हिंदी साहित्य विषय में राष्ट्रीय स्तर की यूजीसी नेट (असिस्टेंट प्रोफेसर अर्हता परीक्षा) उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सरधना के वरिष्ठ पत्रकार साजिद कुरैशी की सुपुत्री शुएबा कुरैशी ने दिसंबर 2025 में आयोजित इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे सरधना क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
शुएबा कुरैशी की शैक्षिक पृष्ठभूमि अत्यंत प्रभावशाली रही है। उन्होंने संत जोसेफ गर्ल्स इंटर कॉलेज से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की तथा सेंट जोसेफ गर्ल्स डिग्री कॉलेज से स्नातक एवं स्नातकोत्तर (एम.ए. हिंदी) की पढ़ाई की। एम.ए. हिंदी में उन्होंने विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया था, जिसके लिए उन्हें राज्यपाल द्वारा गोल्ड मैडल देकर सम्मानित भी किया गया था।
यूजीसी नेट परीक्षा में सफलता के बाद अब शुएबा कुरैशी देश के किसी भी विश्वविद्यालय में पीएचडी शोध करने एवं असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए पूर्णतः पात्र हो गई हैं।
अपनी सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए शुएबा कुरैशी ने इसका श्रेय अपने माता-पिता के मार्गदर्शन और गुरुजनों के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और निरंतर परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, शिक्षाविदों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
No comments:
Post a Comment