तरुण आहूजा
नित्य संदेश, मेरठ। वेलेंटाइन वीक के दौरान शहर के विभिन्न रेस्टोरेंट और कैफे में युवक-युवतियों की बढ़ती भीड़ को लेकर सामाजिक संगठनों और अभिभावकों ने चिंता जताई है। विशेषकर माधवपुरम क्षेत्र में हाल ही में सामने आए एक मामले के बाद मांग उठी है कि सार्वजनिक स्थलों पर पहचान पत्र की अनिवार्य जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार के विवाद या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
सूत्रों के अनुसार, कुछ स्थानों पर मुस्लिम युवक, हिंदू युवती व नाबालिग छात्र _छात्रों के भी पहुंचने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि कुछ छात्र-छात्राएं स्कूल या ट्यूशन बंक कर रेस्टोरेंट और कैफे में समय बिता रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि इस प्रकार की गतिविधियों पर निगरानी आवश्यक है, जिससे बच्चों की सुरक्षा और अनुशासन बना रहे।
सामाजिक प्रतिनिधियों का कहना है कि प्रशासन को चाहिए कि वेलेंटाइन डे जैसे अवसरों पर शहर के कैफे व रेस्टोरेंट की नियमित जांच कराए। साथ ही, संचालकों को निर्देश दिए जाएं कि बिना वैध आईडी के युवक युवतियों खासकर नाबालिगों को प्रवेश न दिया जाए।
प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि यदि किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है तो नियमानुसार जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उद्देश्य किसी के निजी जीवन में हस्तक्षेप करना नहीं, बल्कि युवाओं की सुरक्षा और शहर की शांति व्यवस्था बनाए रखना है।
No comments:
Post a Comment