Breaking

Your Ads Here

Saturday, February 28, 2026

आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग के ट्रायल में प्रतिभा प्रदर्शन करने को उमड़े खिलाड़ी



- ट्रायल में युवा क्रिकेटरों ने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित करने का किया प्रयास

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्चाधान में आयोजित होने जा रही आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग के ट्रायल में युवा क्रिकेटरों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने चयनकर्ताओं के सामने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने की पूरी कोशिश की। एक मार्च को भी खिलाड़ियों के ट्रायल होंगे। इसके बाद सात मार्च को खिलाड़ियों की नीलामी प्रक्रिया होगी।

आईआईएमटी क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग’’ के ट्रायल में युवा क्रिकेट खिलाड़ियों ने उत्साह और जोश के साथ अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। सुबह से ही मैदान पर खिलाड़ियों की लंबी कतारें लग गई थीं। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में बेहतरीन कौशल दिखाया। तेज गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ और बल्लेबाजों के दमदार शॉट्स ने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, कई ऑलराउंडरों ने अपने संतुलित प्रदर्शन से टीम में जगह बनाने की मजबूत दावेदारी पेश की।

आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग के चेयरमैन डॉ मयंक अग्रवाल के अनुसार, इस लीग का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को एक प्रतिस्पर्धी मंच प्रदान करना है, ताकि वे भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकें। चयनित खिलाड़ियों को प्रोफेशनल कोचिंग और बड़े मैच खेलने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके खेल में और निखार आएगा। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी गई है, ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का उचित अवसर मिल सके।

मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के डायरेक्टर संजय रस्तोगी ने बताया कि आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग के ट्रायल में खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विशेष रूप से मूल्यांकन किया गया। आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में क्रिकगिरी चैंप्स कंकरखेड़ा, व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर, मेरठ साउथ वॉरियर, माल रोड, साकेत रॉयल चैंप्स, मेरठ कैंट कमांडो और मेरठ सिविलियन हीरोज और गंगानगर की टीम प्रतिभाग कर रही हैं।

आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी के डायरेक्टर उदित गौड ने बताया की ट्रॉयल में चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों की तकनीक और खेल के प्रति समर्पण का बारीकी से मूल्यांकन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे प्रतिभागियों ने यह साबित किया कि मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में क्रिकेट प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यह लीग युवा खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हो रही है, जहां वे अपनी क्षमता को निखारकर बड़े स्तर पर पहचान बना सकते हैं।

ट्रायल की शुरुआत फिटनेस टेस्ट से हुई, जिसमें खिलाड़ियों की गति, सहनशक्ति और चुस्ती-फुर्ती को परखा गया। इसके बाद नेट प्रैक्टिस सत्र में बल्लेबाजों ने आकर्षक स्ट्रोक्स लगाए, जबकि गेंदबाजों ने अपनी स्विंग और स्पिन से प्रभावित किया। विकेटकीपरों ने भी तेज रिफ्लेक्स और सटीक थ्रो से सबका ध्यान खींचा।

आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग के मीडिया प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया की आईआईएमटी क्रिकेट ग्राउंड में हो रहे ट्रॉयल में पूर्व रणजी खिलाड़ी यजुवेंद्र कृष्णंत्री, उमंग शर्मा ने बतौर चयनकर्ता खिलाड़ियों की क्षमता को परखा। इस दौरान वरिष्ठ क्रिकेट कोच विपिन वत्स व संजय रस्तोगी, विजय जैन (पूर्व रणजी ट्रॉफी प्लेयर), रेहान सिद्दीकी, अंकित राठी, अमित चौधरी, तनकीब अख्तर, शाहिद, मयंक, आकाश, मौजूद रहे। वहीं लीग में प्रतिभाग कर रहीं आठों टीमों के मालिक भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखने के लिए ट्रॉयल में मौजूद रहे। 

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here