नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। आम आदमी पार्टी मेरठ के जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी ने सेंट्रल मार्केट, शास्त्री नगर के व्यापारियों के हितों की रक्षा हेतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट का समय उपलब्ध कराने की मांग करते हुए जिलाधिकारी को पत्र सौंपा।
जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी ने कहा कि सेंट्रल मार्केट, शास्त्री नगर के व्यापारियों के साथ स्पष्ट रूप से विश्वासघात की स्थिति उत्पन्न हो गई है। भूखंड संख्या 661/6 पर बने 22 परिवारों के प्रतिष्ठान सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जमींदोज किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त लगभग 1478 व्यापारियों को नोटिस जारी किए गए हैं, जिससे हजारों परिवारों की आजीविका पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में जब ध्वस्तीकरण की कार्रवाई हुई थी, तब व्यापारी तालाबंदी कर धरने पर बैठे थे। उस समय स्थानीय सांसद सहित भाजपा के विधायक, मंत्री एवं अन्य पदाधिकारी बाजार में पहुंचे थे और सार्वजनिक रूप से आश्वासन दिया था कि भविष्य में किसी व्यापारी का ध्वस्तीकरण नहीं होगा तथा नियमितीकरण की नीति लाकर बाजार को वैध किया जाएगा। उन्हीं आश्वासनों के आधार पर आंदोलन समाप्त किया गया था, किंतु अब पुनः कार्रवाई जारी है, जिससे व्यापारियों में असुरक्षा और आक्रोश है।
जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी ने कहा कि जब मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति की प्रक्रिया सरकार को अपने अनुकूल बनानी थी, तब संसद में विधेयक लाकर तत्काल कानून में संशोधन कर दिया गया। ऐसे में यह प्रश्न उठता है कि जब हजारों व्यापारी परिवारों की आजीविका दांव पर है, तब आवास विकास नीति में संशोधन या नियमितीकरण की पहल क्यों नहीं की जा सकती। उन्होंने अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह डील किसानों एवं छोटे व्यापारियों के हितों के प्रतिकूल प्रतीत होती है तथा देश की आर्थिक स्वायत्तता से जुड़े गंभीर प्रश्न खड़े करती है।
आम आदमी पार्टी मेरठ ने मांग की है कि प्रतिनिधिमंडल को प्रधानमंत्री से भेंट का समय उपलब्ध कराया जाए, ताकि व्यापारियों की समस्याओं और जनभावनाओं को सीधे उनके समक्ष रखा जा सके।

No comments:
Post a Comment