कड़ाके की ठंड में आश्रयहीनों के लिए जीवनरक्षक पहल: निःशुल्क वाहन सेवा का शुभारंभ
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शीतलहर से आश्रयहीनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाते हुए दीनदयाल उपाध्याय–राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (डीएवाई–एनयूएलएम) के अंतर्गत स्थापित आश्रय गृह मंगतपुरा (दिल्ली रोड) एवं शंकर नगर फेज–2, बराल परतापुर में आश्रयहीन व्यक्तियों को पहुँचाने हेतु आश्रयगृह संचालन - संस्था विश्व विकास संकल्प संस्थान द्वारा निःशुल्क वाहन सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस मौके पर सौरव गंगवार (नगरायुक्त नगर निगम मेरठ), सरबजीत सिंह कपूर, ठाकुर कृष्ण कुमार सिंह, परियोजना अधिकारी पंकज कुमार तथा तस्वीर सिंह चपराना ने हरी झंडी दिखाकर टाऊनहाल घण्टाघर से रवाना किया। इस निशुल्क वाहन सेवा का उद्देश्य ठंड के मौसम में फुटपाथों पर जीवन यापन कर रहे लोगों को सुरक्षित रूप से आश्रय गृह तक पहुँचाना है, ताकि किसी भी प्रकार की ठंडजनित दुर्घटना को रोका जा सके और जरूरतमंदों को सुरक्षित, गरिमापूर्ण रात्रि विश्राम उपलब्ध कराया जा सके। यह पहल न केवल सामाजिक संवेदनशीलता का प्रतीक है, बल्कि समाज के कमजोर वर्ग के प्रति प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं की संयुक्त जिम्मेदारी को भी दर्शाती है।
इस मानवीय सेवा कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रपति पदक से सम्मानित सरबजीत सिंह कपूर ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे नगर आयुक्त सौरव गंगवार ने आश्रयगृह संचालन संस्था विश्व विकास संकल्प संस्थान की इस पहल को समाज के लिए अत्यंत आवश्यक एवं प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में ठाकुर कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि निशुल्क वाहन सेवा आश्रय हीनो के लिए वरदान साबित होगी।
प्रोफेसर देवेश शर्मा, गुलबीर पूर्वपार्षद, मुनीष पटेल, डॉ. अशोक कुमार, प्रधानाचार्य संजीव नागर, कर्मवीर सिंह प्रधान, जयचंद मुखिया, डॉ. विपिन त्यागी, मोहनलाल पटेल, पूर्व पार्षद सुरेंद्र भड़ाना, अंशिका एवं गौतम प्रजापति, मोहनलाल वर्मा, सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन तस्वीर सिंह चपराना द्वारा किया गया।
No comments:
Post a Comment