Breaking

Your Ads Here

Friday, November 14, 2025

दौड़, बैडमिंटन एवं क्रिकेट में विद्यार्थियों और एलुमनाई ने उत्साहपूर्वक भाग लिया


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। स्वर्गीय अजय मित्तल की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल (चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ) में खेल दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं दौड़, बैडमिंटन एवं क्रिकेट में विद्यार्थियों और एलुमनाई ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अजय मित्तल की पत्नी जया मित्तल और सुपुत्र अपूर्व मित्तल तथा क्रीड़ा भारती के योग प्रमुख जगत सिंह दौसा द्वारा विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स ग्राउंड में 400 मीटर और 800 मीटर दौड़ प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाकर किया गया। श्रीमती मित्तल ने इस अवसर पर कहा कि आज का दिन मेरे लिए भावुकता और गर्व दोनों का दिन है। अजय जी सदैव युवाओं को आगे बढ़ने, खेल और अनुशासन को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करते थे। उनकी स्मृति में आयोजित ये प्रतियोगिताएँ न सिर्फ उन्हें श्रद्धांजलि हैं, बल्कि छात्रों को यह संदेश भी देती हैं कि जीवन में लक्ष्य, परिश्रम और सकारात्मक सोच बहुत महत्वपूर्ण है। अजय जी का मानना था कि हर युवा में अपार संभावनाएँ हैं, बस उन्हें सही दिशा और अवसर मिलना चाहिए। मैं तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल के सभी अध्यापकों एवं छात्रों की आभारी हूँ कि उन्होंने इस दिन को इतनी गरिमा के साथ मनाया।

400 मीटर दौड़ में दीक्षा धामा प्रथम रहीं तथा 800 मीटर दौड़ में प्रियांशु चौधरी ने पहला स्थान प्राप्त किया। इसके बाद छात्राओं के बीच बैडमिंटन प्रतियोगिता हुई जिसमें गीत चावला ने दीक्षा धामा को हराकर जीत दर्ज की। इसके पश्चात मेडिकल क्रिकेट ग्राउंड में एलुमनाई और वर्तमान छात्रों के बीच टी-20 क्रिकेट मैच खेला गया। एलुमनाई टीम के कप्तान वीनस शर्मा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का निर्णय लिया। वर्तमान छात्रों ने निर्धारित 20 ओवर में 140 रन बनाए। एलुमनाई टीम की ओर से प्रो. प्रशांत कुमार और नमन ने 3-3 विकेट लिए, जबकि छात्रों की ओर से शुभम यादव ने सर्वाधिक 49 रन बनाए। एलुमनाई टीम ने रोमांचक मुकाबले में अंतिम ओवर में 141 रन बनाकर मैच जीत लिया। एलुमनाई टीम की ओर से वीनस शर्मा ने सर्वाधिक 39 रन बनाए। मितेंद्र कुमार गुप्ता और राकेश कुमार ने मैच रेफरी की भूमिका निभाई। 

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि डीजीसी क्राइम कृष्ण कुमार चौबे ने विजेताओं को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। श्री कृष्ण कुमार चौबे ने कहा कि जीत और हार जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन सच्ची विजय भागीदारी में है। खेल न केवल शरीर को मजबूत बनाते हैं, बल्कि हमें अनुशासन, टीमवर्क और संघर्ष की भावना भी सिखाते हैं। स्वर्गीय अजय मित्तल जी का जीवन इस बात का उदाहरण है कि यदि व्यक्ति अपने कर्म और समर्पण को राष्ट्रहित में लगा दे, तो वह सदैव अविस्मरणीय बन जाता है। अजय मित्तल जी ने अपना पूरा करियर देश और समाज को समर्पित कर दिया। उनकी प्रेरणा हमें यही संदेश देती है कि चाहे हम किसी भी क्षेत्र में कार्यरत हों तो राष्ट्र हमेशा प्रथम होना चाहिए। 

जगत सिंह दोसा ने कहा कि इस मैच को देखकर बचपन के दिन याद आ गए मैं भी बहुत क्रिकेट खेलता था। स्वागीय अजय मित्तल जी की प्रथम पुण्य तिथि को हम खेल दिवस के रूप में मना रहे हैं। आज बेशक वह इस दुनिया में नहीं लेकिन उनकी यादें हमेशा हम सभी लोगों के दिल में रहेंगी। उनके जीवन से युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए संपन्न होने के पश्चात भी वह आम इंसान की तरह जीवन व्यतीत करते थे। 

इस अवसर पर तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल के निदेशक प्रो. प्रशांत कुमार, डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव, डॉ. दीपिका वर्मा, डॉ. बीनम यादव, लव कुमार, जगत सिंह दोसा, राजन कुमार सहित विभाग के सभी छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here