-एक करोड़ 15 लाख रुपए की मिली स्वकृति, दिसंबर से शुरू
होगा कार्य
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। भूड़बराल से उपलेहड़ा तक जाने वाले मुख्य मार्ग
के नव निर्माण को शासन से स्वीकृति मिल गई है। लगभग एक करोड़ 15 लाख रुपए की लागत से
इस सड़क का निर्माण अगले माह से शुरू होगा। यह मार्ग वर्षों से टूट-फूट और जलभराव की
समस्या से ग्रस्त था, जिससे क्षेत्र के ग्रामीण, छात्र और अस्पताल जाने वाले मरीज प्रभावित
हो रहे थे।
यह वही रास्ता है जिसका उपयोग क्षेत्र के ग्रामीण, स्कूल–कॉलेज
के छात्र तथा CHC (कम्युनिटी हेल्थ सेंटर) अस्पताल तक जाने वाले मरीज व एम्बुलेंस करते
हैं। सड़क पर भरे कीचड़ व गंदे पानी के कारण एम्बुलेंस व अन्य वाहनों को अस्पताल पहुंचने
में लगातार देरी का सामना करना पड़ता था। जनता इंटर कॉलेज भूड़बराल के पास सड़क पर
गंदा पानी और कीचड़ भरा रहता था, जिससे छात्र-छात्राओं की सुरक्षा एक बड़ी चिंता थी।
सैकड़ों बच्चों को रोजाना फिसलन भरे रास्ते से होकर स्कूल जाना पड़ता था।
किसानों के लिए महत्ववूर्ण है मार्ग
स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों के अनुसार, कई बच्चे फिसलकर
चोटिल भी हुए थे। यह मार्ग किसानों के लिए भी महत्वपूर्ण था। गन्ना, गेहूं, धान और
सब्जियों जैसी फसलें मंडी व चीनी मिल तक ले जाते समय ट्रैक्टर-ट्रॉलियां अक्सर कीचड़
में फंस जाती थीं। बरसात के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती थी, जिससे किसानों
को समय, श्रम और परिवहन लागत का नुकसान होता था।
ग्राम प्रधान ने राज्यमंत्री को भेजा था प्रस्ताव
ग्राम प्रधान भूड़बराल अरुण विकल के लगातार प्रयासों के
बाद राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर द्वारा यह प्रस्ताव शासन को भेजा और अंततः मंजूरी मिल
गई। ग्रामीणों और किसानों में खुशी की लहर है तथा जल्द ही मंत्री का स्वागत कार्यक्रम
प्रस्तावित है। इस मार्ग के निर्माण से क्षेत्र में कृषि परिवहन, आपातकालीन सेवाओं,
स्कूल आवागमन और आर्थिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण सुधार आने की उम्मीद है।

No comments:
Post a Comment