Breaking

Your Ads Here

Friday, November 14, 2025

एनसीआरटीसी ने दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर दिव्यांगों को वितरित किए निःशुल्क सहायक उपकरण


नित्य संदेश ब्यूरो 
नई दिल्ली। एनसीआरटीसी ने एशियाई विकास बैंक (एडीबी) और जापान फंड फॉर प्रॉस्पेरस एंड रेजिलिएंट एशिया एंड द पैसिफिक (जेएफपीआर) के सहयोग से गाजियाबाद में दिव्यांगजनों के लिए एक विशेष सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में एनसीआरटीसी के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के आसपास रहने वाले दिव्यांग लोगों को निःशुल्क सहायक उपकरणों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल और निदेशक (वित्त) नमिता मेहरोत्रा शामिल हुए और उन्होंने लगभग 50 दिव्यांगजनों को हस्तचालित ट्राई साइकिलें प्रदान की। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों के जीवन को सरल बनाना और उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक तौर पर सशक्त बनाना है। यह सहायता न सिर्फ दिव्यांगजनों के जीवन में गतिशीलता को बढ़ावा देगी बल्कि उनको आत्मविश्वास के साथ जीने की प्रेरणा भी देगी। 
एनसीआरटीसी द्वारा एडीबी के सहयोग से सामाजिक कल्याण के लिए इस प्रकार के कई कार्यक्रम चलाए जा रहे है। इन पहलों के अंतर्गत अबतक कई सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए है, जिनके माध्यम से नमो भारत कॉरिडोर के पास रहने वाले वाले दिव्यांगजनों को विभिन्न प्रकार के उपकरण और जरुरतमंदो को स्वयं रोजगार के साधन और कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान कर सहायता की गई।  
एनसीआरटीसी द्वारा दिव्यांग यात्रियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखते हुए नमो भारत स्टेशनों पर भी दिव्यांगजनों के लिए कई सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। दृष्टिहीन दिव्यांग यात्रियों के लिए स्टेशनों पर स्पर्श पथ (टैक्टाइल पाथ) बनाए गए हैं। स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की आसानी से आवाजाही के लिए बड़ी लिफ्टें लगाई गई हैं। इसके अलावा, बुजुर्गों, दिव्यांग व्यक्तियों, महिलाओं और बच्चों सहित सभी यात्रियों के लिए लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा भी प्रदान की गई है।

गतिशीलता और सशक्तिकरण को केंद्र में रखते हुए एनसीआरटीसी एक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था के लिए संकल्पित है। इस प्रकार के प्रयास यह प्रमाणित करते है कि नमो भारत सिर्फ यात्रा का साधन नहीं, बल्कि सामाजिक विकास, कल्याण और सामाजिक सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने का एक सशक्त माध्यम भी है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here