नित्य संदेश ब्यूरो
दौराला। बृहस्पतिवार को दौराला निवासी समीर का शव गंगनहर से हुआ बरामद, 7 नवंबर को लापता हुआ था समीर। पुलिस कई दिनों से गोताखोरों की मदद से नहर में उसकी तलाश कर रही थी। हालांकि, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
समीर के पिता महराजुद्दीन ने बताया कि समीर 7 नवंबर को सरधना में अपनी मौसी के यहां जाने के लिए घर से निकला था। मौसी के यहां भी नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान उसकी स्कूटी गंगनहर के पास लावारिस हालत में मिली थी। इसके बाद परिजनों ने दौराला थाने में समीर की गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जिसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। बृहस्पतिवार की सुबह पुलिस गोताखोरों के साथ गंगनहर पर पहुंची और काफी तलाश के बाद समीर का शव बरामद कर लिया। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया। मां शहनाज, भाई अकिल और बहन गुलिस्ता का रो-रोकर बुरा हाल था।
पुलिस जब शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी, तो परिजनों ने इससे साफ इनकार कर दिया। इस पर पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया है और बताया कि शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
No comments:
Post a Comment