-शताब्दीनगर मेट्रो स्टेशन के पास बुलडोजर लेकर पहुंची टीम, मचा हड़कंप
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शताब्दीनगर मेट्रो स्टेशन के पास नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के दौरान तनावपूर्ण स्थिति बन गई। संजय वन के सामने सड़क किनारे लगी रेहड़ियों और खोखों को हटाने पहुंची निगम टीम का स्थानीय लोगों और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि निगम बिना किसी पूर्व सूचना के गरीबों को परेशान कर रहा है और मनमानी कार्रवाई कर रहा है।
नगर आयुक्त सौरभ गंगवार के नेतृत्व में निगम की टीम बुलडोजर और कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही आसपास के छोटे दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते दर्जनों लोग जमा हो गए और बुलडोजर के सामने खड़े होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। कुछ देर बाद भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। भीम आर्मी के विधानसभा प्रभारी पिंटू पहलवान ने निगम पर आरोप लगाया कि मेहनत-मजदूरी कर जीवनयापन करने वाले रेहड़ी-खोखा संचालकों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली रोड पर नाले के पीछे लगी रेहड़ियों से न तो यातायात बाधित होता है और न ही जाम लगता है। इसके बावजूद निगम गरीबों पर बुलडोजर चला रहा है, जो तानाशाही रवैये को दर्शाता है। पिंटू पहलवान ने इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी से करने की बात कही।
पुलिस बल रहा तैनात
विरोध प्रदर्शन बढ़ने के बावजूद निगम टीम ने पुलिस सुरक्षा के बीच अपना अभियान जारी रखा। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था, जो भीड़ को नियंत्रित करने में जुटा रहा, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। हंगामे के बीच भी निगम कर्मचारियों ने कई स्थानों से रेहड़ियों और खोखों को हटाया।
बिना नोटिस के चलाया अभियान
स्थानीय लोगों ने अचानक की गई इस कार्रवाई पर नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना था कि यदि निगम पहले नोटिस जारी करता या वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराता, तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती। दूसरी ओर, निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेट्रो स्टेशन क्षेत्र में यातायात को सुचारू बनाए रखने और पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिक्रमण हटाना आवश्यक था।
No comments:
Post a Comment