Breaking

Your Ads Here

Tuesday, November 18, 2025

जेल से रिहाई पर निकाला जुलूस, 14 लोगों को पुलिस ने भेजा जेल


-रालोद के जिलाध्यक्ष मतलूब गौड़ और सपा नेता शाहिद मंजूर की बीच चली आ रही है पुरानी अदावत

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। कस्बा किठौर में देर रात्रि अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब आरएलडी जिलाध्यक्ष मतलूब गौड़ के भाइयों की जेल से रिहाई पर समर्थकों ने मवाना रोड पर जुलूस निकाल दिया। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। समर्थक दर्जनों गाड़ियों में सवार होकर नारेबाजी करते हुए आतिशबाजी का प्रदर्शन करने लगे। आवाज़ इतनी तेज थी कि आस-पास के मोहल्लों में लोग घरों से बाहर निकल आए। 

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर-बितर करने में जुट गई। पुलिस ने आनन-फानन में कार्रवाई करते हुए 14 लोगों को हिरासत में ले लिया। इलाके में कुछ देर तक जाम जैसी स्थिति रही, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद खुलवाया। गौरतलब है कि किठौर कस्बे में आरएलडी जिलाध्यक्ष मतलूब गौड़ और पूर्व कैबिनेट मंत्री व वर्तमान सपा विधायक शाहिद मंजूर के बीच वर्षों से राजनीतिक खींचतान चली आ रही है। दोनों पक्षों के बीच कई बार तनाव की स्थिति भी बन चुकी है। सोमवार को हुई यह घटना एक बार फिर उसी पुराने विवाद को सुर्खियों में ले आई है। बताया जाता है कि वर्ष 2003 में शाहिद मंजूर पर जानलेवा हमले का आरोप मतलूब गौड़ के भाइयों पर लगा था। न्यायालय ने मामले की सुनवाई करते हुए फारूक, नन्नो, नदीम, कलवा, मारूफ और सलीम को दोषी करार दिया था और छह-छह साल की सजा सुनाई थी। सजा भुगतते हुए नन्नो की मृत्यु हो गई थी, जबकि सलीम 6 नवंबर को पहले ही जेल से रिहा हो चुका है। सोमवार को सजा पूरी करने के बाद फारूक, कलवा, मारूफ और नदीम भी जेल से रिहा हो गए। 

वाहन सड़क पर खड़े किए तो लगा जाम
रिहाई की ख़बर मिलते ही समर्थक बड़ी संख्या में रोड पर इकट्ठा हो गए और जैसे ही वे जेल से बाहर निकले, जुलूस शुरू हो गया। समर्थकों का उत्साह इतना बढ़ा कि उन्होंने मवाना रोड पर लंबे समय तक रुककर नारे लगाए और जमकर आतिशबाजी की। प्रशासन के मना करने के बावजूद भीड़ लगातार बढ़ती रही। कई वाहन सड़क पर आड़े-तिरछे खड़े होने से यातायात बाधित हो गया।

पुलिस ने की कार्रवाई, एहतियातन बढ़ाई निगरानी
भीड़ के बढ़ते दबाव को देखते हुए पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को हटाया। थाना प्रभारी ने बताया कि 14 लोगों को शांति भंग की आशंका में हिरासत में लिया गया है। साथ ही पूरे कस्बे में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। घटना के बाद से किठौर क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं। स्थानीय लोग इसे पुरानी रंजिश का ताज़ा अध्याय बता रहे हैं, जबकि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्कता बरत रहा है।

थाना किठौर में दर्ज किया गया मुकदमा
उप निरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि थाना किठौर में धारा 191(2), 121(1), 132, 352, 285 बीएनएस व 7 सीएलए एक्ट बनाम आफताब उर्फ कलवा आदि 14 नफर व 40-50 लोग अज्ञात के विरूद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया। जिनमें आफताब उर्फ कलवा पुत्र यूसुफ अली, नदीम पुत्र महफूज, फारुख पुत्र हाजी यूसुफ निवासीगण बडवालियान, परवेज पुत्र महफूज, सैफ पुत्र सलीम, जैद पुत्र मसरुर, नासिर पुत्र शेर मोहम्मद, सईद पुत्र मकसूद, खिजर चौधरी पुत्र अनवर चौधरी, शेर मोहम्मद पुत्र बुंदु खां निवासीगण किठौर, आसिफ पुत्र अब्दुल शकूर निवासी वैट थाना सिम्भावली जनपद हापुड, आकिब पुत्र नफीस, राशिद पुत्र नफीस अहमद निवासीगण वीरमपुर थाना सिम्भावली जनपद हापुड़ एवं आले नबी पुत्र अब्बास निवासी जिसौरा मुण्डाली को गिरफ्तार किया गया। मौके से 8 वाहन को सीज किया गया है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here