Breaking

Your Ads Here

Wednesday, October 8, 2025

जसौरा का युवक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता, परिजनों में मचा कोहराम


नित्य संदेश ब्यूरो 
मुंडाली। थाना क्षेत्र के गांव जसौरा निवासी सरताज पुत्र शोकिन बीते रविवार की शाम से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। युवक के अचानक गायब होने से परिवारजन परेशान हैं। परिजनों ने थाने में उसकी बरामदगी के लिए थाना पुलिस से गुहार लगाई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। 

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम लगभग चार बजे सरताज अपने घर से किसी काम की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार ने बताया कि जब वह देर तक वापस नहीं आया तो परिजनों ने उससे फोन पर संपर्क किया। बताया गया कि उसने दो बार कॉल रिसीव किया, जहां पर शोर-शराबा की आवाज आ रही थी।
इसी शोर-शराबा के दौरान पत्नी से लगभग बीस मिनट में घर लौटने की बात कही। हालांकि, जब रात करीब आठ बजे दोबारा फोन किया गया, तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। 

परिजनों ने बताया कि उन्होंने सभी रिश्तेदारों, दोस्तों और आस-पास के लोगों से संपर्क किया, लेकिन कहीं से भी सरताज का पता नहीं चल सका। चिंता बढ़ने पर परिवारजनों ने देर रात थाना मुंडाली पहुंचकर सूचना दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। 

थाना प्रभारी मुंडाली रामगोपाल ने बताया कि पुलिस मोबाइल लोकेशन और आसपास के CCTV फुटेज खंगालने में जुटी है, ताकि युवक का कोई सुराग मिल सके। वहीं, गांव में युवक के लापता होने की खबर फैलते ही लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लापता युवक के परिजन उसके सकुशल मिलने की उम्मीद में परेशान हैं और प्रशासन से जल्द बरामदगी की मांग कर रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here