नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। नवजीवन हॉस्पिटल अस्पताल
में डॉक्टरों की कथित लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आंतों के
संक्रमण के ऑपरेशन के दौरान एक महिला की बच्चेदानी (यूटरस) निकाल दी गई। ऑपरेशन के
बाद महिला की हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद उसे दूसरे अस्पताल में भर्ती कराना
पड़ा।
भावनपुर थाना क्षेत्र के
किनानगर निवासी अमर सिंह ने अपनी पत्नी सुमन को 26 अक्टूबर को नवजीवन हॉस्पिटल में
भर्ती कराया था। डॉक्टरों ने सुमन की आंतों में संक्रमण बताया था और तत्काल सर्जरी
की सलाह दी थी। परिजनों की सहमति के बाद ऑपरेशन किया गया।ऑपरेशन के अगले दिन
डॉक्टरों ने सुमन को स्वस्थ बताकर घर भेज दिया। हालांकि, घर पहुंचने के तुरंत बाद
उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें तत्काल दूसरे अस्पताल में भर्ती
कराया। दूसरे अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने खुलासा किया कि ऑपरेशन आंतों
का नहीं, बल्कि महिला की बच्चेदानी का किया गया था। इस जानकारी के बाद सुमन की
हालत और गंभीर हो गई और उन्हें आईसीयू में भर्ती करना पड़ा।
परिजनों ने किया हंगामा,
बताया 'मेडिकल मिस्टेक'
घटना की जानकारी मिलते ही
परिजनों ने नवजीवन हॉस्पिटल पहुंचकर जमकर हंगामा किया। उन्होंने डॉक्टरों और
अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर
पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर डॉक्टर
के खिलाफ मामले की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल प्रबंधन ने इस घटना को 'मेडिकल
मिस्टेक' बताया है। उन्होंने महिला के पूरे इलाज का खर्च उठाने का आश्वासन दिया
है।

No comments:
Post a Comment