Breaking

Your Ads Here

Tuesday, September 16, 2025

स्कूल जाते समय नर्सरी की बच्ची के अपहरण का प्रयास, लोगों ने आरोपी को दबोचकर पुलिस को सौंपा



सरधना। नगर के मोहल्ला प्रभात नगर में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक ने मासूम नर्सरी की बच्ची को जबरन उठाने का प्रयास किया। बच्ची के शोर मचाने और भाई-बहनों के रोने पर आसपास मौजूद लोगों ने दौड़कर आरोपी को धर दबोचा और मौके पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे मोहल्ले में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार मोहल्ला मंडी चमारान निवासी नईमुद्दीन पुत्र असगर मलिक के तीन बच्चे फैज (7 वर्ष), रिज़ा (5 वर्ष) और इनाया (4 वर्ष) रोजाना प्रभात नगर स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ने जाते हैं। मंगलवार सुबह लगभग 8 बजे तीनों बच्चे रोज की तरह स्कूल जा रहे थे। जैसे ही वे प्रभात नगर मास्टर कॉलोनी वाली गली में पहुंचे, वहां पहले से खड़े बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उनमें से एक युवक अचानक नन्हीं इनाया को पकड़कर उसका मुंह दबाने लगा और जबरन खींचने की कोशिश करने लगा। बच्ची ने पूरी ताकत से शोर मचा दिया। उसकी चीख सुनकर आगे चल रहे भाई-बहन भी जोर-जोर से रोने लगे। इस बीच गली से गुजर रहे कुछ राहगीरों और दुकानदारों ने तुरंत दौड़ लगाई और आरोपी को पकड़कर बच्ची को छुड़ा लिया। इस दौरान उसका साथी जो बाइक स्टार्ट किये खड़ा था वह वहां से भाग गया।

कुछ ही देर में आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और आरोपी की घेराबंदी कर ली। घटना की सूचना मिलते ही अशोक स्तंभ पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और भीड़ से आरोपी को अपने कब्जे में लेकर थाने ले आए।

बच्ची के पिता नईमुद्दीन मलिक ने थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने उनकी तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

घटना के बाद से ही सरधना नगर और आसपास के इलाकों में लोगों में आक्रोश व्याप्त है। अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित नजर आए। मोहल्ले के लोगों ने पुलिस से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए और बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूल आने-जाने वाले मार्गों पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here