नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर में रविवार को एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालय द्वारा किए गए कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया तथा परिसर में आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में कुलाधिपति ने विश्वविद्यालय के अतिथि गृह में हस्तकरघा विभाग एवं ललित कला विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने छात्रों और विभागीय शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों की सृजनात्मकता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देती हैं। इसके पश्चात कुलाधिपति ने विश्वविद्यालय परिसर में गंगा अपार्टमेंट (कर्मचारियों हेतु निर्मित 24 आवासीय भवनों) का लोकार्पण किया। साथ ही उन्होंने मियावाकी तकनीक से विकसित ‘तपोवन’ का उद्घाटन किया और तपोवन परिसर का अवलोकन करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया। कुलाधिपति ने आगे तिलक फार्मेसी की नई भवन संरचना का उद्घाटन किया तथा परिसर में निर्मित आधुनिक सुविधाओं से युक्त कैंटीन ‘अन्नपूर्णा’ का भी लोकार्पण किया, जो नेताजी सुभाषचंद्र बोस प्रेक्षागृह के समीप निर्मित की गई है।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला, प्रति कुलपति प्रो. मृदुल कुमार गुप्ता, कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार यादव, परीक्षा नियंत्रक डॉ. वीरेंद्र कुमार मौर्य, प्रो. वीरपाल सिंह, प्रो. जितेंद्र ढाका, प्रो. मुकेश शर्मा, डॉ. प्रदीप चौधरी, डॉ. विवेक त्यागी, डॉ. अलका तिवारी, डॉ. पवित्र देव, डॉ. जितेंद्र सिंह, इंजीनियर मनीष मिश्रा एवं मीडिया सेल सदस्य मितेंद्र कुमार गुप्ता सहित अनेक प्राध्यापक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा किया गया और अंत में कुलाधिपति ने विश्वविद्यालय परिवार को शुभकामनाएँ प्रदान कीं।
No comments:
Post a Comment