-पीड़ित परिवार ने एसएसपी से लगाई बरामदगी की गुहार, जांच के आदेश
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। एसएसपी कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक परिवार अपने लापता बेटे का पता लगाने के लिए तख्तियां लेकर पहुंच गया। परिवार ने आरोप लगाया कि उनके बेटे का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई है, और पुलिस इस मामले में निष्क्रिय है।
इंचौली थाना क्षेत्र के कस्बा लावड़ निवासी उमेर के परिवार ने बताया कि 22 जून 2025 को सुबह 11 बजे उमेर को एक फोन आया, जिसके बाद वह "अभी आ रहा हूं" कहकर घर से निकला और तब से लापता है। उसका मोबाइल भी बंद है। उमेर के पिता ने 25 जून 2025 को इंचौली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवार का आरोप है कि उन्होंने उमेर को काफी तलाशा, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। उनका दावा है कि पुलिस ने पूछताछ के लिए कस्बे के ही रहने वाले ईशा पुत्र जाबिर को बुलाया था, जिसे आसानी से छोड़ दिया गया। परिवार का कहना है कि ईशा और उमेर के बीच एक गाड़ी को लेकर विवाद भी हुआ था। शिकायतकर्ता के अनुसार, 26 अगस्त 2025 को ईशा और शाकिर पुत्र इलियास ने उसे लावड़ कस्बे की एक गली में रोका और धमकी दी। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि उन्होंने ही फोन करके उमेर को बुलाया था और अपने साथियों के साथ मिलकर उसका अपहरण किया था।
उन्होंने यह भी धमकी दी कि पुलिस से शिकायत करने पर उनका कुछ भी नहीं बिगड़ेगा। परिवार को आशंका है कि ईशा, शाकिर ने मिलकर उमेर का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी है, और सबूत मिटाने के लिए उसकी लाश कहीं छिपा दी है। परिवार ने एसएसपी से अपनी रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
No comments:
Post a Comment