Your Ads Here

Monday, April 7, 2025

अगवा उद्यमी की गोली मारकर और चाकू से गोदकर हत्या

 


-परतापुर के भूड़बराल रजवाहे में लहूलुहान अवस्था में शव हुआ बरामद

शाहिद खान

नित्य संदेश, मेरठ। परतापुर में 3 अप्रैल से अगवा उद्यमी की गोली मारकर और चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। उद्यमी की लाश भूड़बराल रजवाहे में सोमवार सुबह के समय बरामद की गई। इसके बाद पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया है।

परतापुर के भूड़बराल निवासी 50 वर्षीय उद्यमी इरफान अली की शताब्दी नगर उद्योगपुरम में बीआई कंडक्टर कॉपर वायर नाम से फैक्ट्री है। 3 अप्रैल को इरफान लापता हो गए थे। इरफान के बेटे आमिर ने थाने में तहरीर दी थी और मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप लगाया था कि उनका फैक्ट्री के कुछ पार्टनर से विवाद चल रहा है। आशंका जताई कि इसी में कोई अनहोनी अंजाम दी गई है। सोमवार सुबह के समय भूड़बराल रजवाहे में ही इरफान की लहूलुहान लाश पड़ी हुई मिली। इरफान की चाकू से गोदकर और गोली मारकर हत्या की गई थी। सूचना के बाद एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह और एएसपी ब्रह्मपुरी मौके पर पहुंचे। फिलहाल मामले में छानबीन की जा रही है। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल एसपी सिटी के निर्देशन में तीन टीम खुलासे के लिए लगाई गई है।



हत्याकांड से 5 किमी दूर पड़ी मिली स्कूटी

मृतक बीआई कंडक्टर कॉपर वायर फैक्ट्री का मालिक था, जो भूड़बराल का ही रहने वाला था। मृतक की 4 बेटी और 2 बेटे हैं। इरफान की भूड़बराल के उद्योगपुरम में बीआई कंडक्टर कॉपर वायर के नाम से फैक्ट्री है। बताया जा रहा है कि इरफान 3 अप्रैल की शाम को घर जाने के लिए निकला था, तभी से गायब थे। घरवाले उसी शाम से उन्हें लगातार तलाश रहे थे। जब कुछ पता नहीं चला तो परिवार ने गुरुवार को पुलिस में मिसिंग कंप्लेन कराई थी। सोमवार सुबह उसकी लाश घर से डेढ़ किलोमीटर दूर महरौली मार्ग पर बंबे के पास मिली। आस-पास से गुजर रहे लोगों ने नाले में शव उतराने की खबर पुलिस को दी थी। पुलिस की मदद से लाश को बाहर निकाला गया। लाश बुरी तरह फूल चुकी थी। नाले से करीबन 5 किलोमीटर दूर मृतक की स्कूटी पड़ी मिली थी। पुलिस आशंका जता जा रही है कि गोली मारकर, चाकू से गोदकर हत्या की गई है।



17 लाख का लेन-देन बन सकता है हत्या का कारण

इरफान के बेटे आमिर ने पुलिस को बताया, पापा इरफान के साथ जावेद नाम का एक व्यक्ति काम करता था। जावेद ने अपनी छोटी सी वर्कशाप बनाई थी। यहीं वो पापा के दिए ऑर्डर तैयार करता था। कुछ दिन पहले जावेद ने पापा से 7 लाख रुपए उधार लिए थे। जावेद के भाई ने भी 10 लाख रुपए उधार लिए थे। कुल 17 लाख रुपयों के लेनदेन का बकाया चल रहा था। इसी बकाए के चक्कर में जावेद ने ही पापा की गोली मारकर हत्या की है।

मामले में 3 लोग हिरासत में

इरफान की आखिरी बात जावेद नाम के युवक से हुई थी। जिसे पुलिस ने 2 दिन पहले ही हिरासत में ले लिया है। इसके साथ ही दो और लोगों को भी हिरासत में लिया। जिसमें एक महिला और 2 पुरुष थे। पुलिस सभी से पूछताछ करने में लगी हुई थी, लेकिन पुलिस जब तक लापता बिजनेसमैन को तलाश पाती, उससे पहले उसकी लाश मिल गई।



मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल

पिता की हत्या की खबर सुनते और शव को देखकर बच्चों का बुरा हाल है। बर्बरता से हुई हत्या के बाद लाश को देखकर ऐसा लग रहा है कि चेहरा कुचला गया है। आंखें भी कुचली हुई लग रही हैं। वहीं पीठ पर गोली का निशान और शरीर पर चाकुओं से गोदने के निशान हैं। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। बाकी मामले की जांच की जा रही है।

एसएसपी ने कहा कि पुलिस की 3 टीमें जांच में लगी

एसएसपी डॉ. विपिन ताडा का कहना है कि थाना परतापुर में 2 दिन पहले कुछ लोगों ने इरफान नामक 50 साल के व्यक्ति के मिसिंग की शिकायत की थी। तभी से पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। जांच में कुछ लोगों के नाम सामने आए। जिसका परिजनों ने पैसे के लेनदेन का शक जाहिर किया था। जांच के दौरान मृतक की स्कूटी मिली थी। आज उसका शव मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इरफान कॉपर वायर का काम करता था। इरफान का उसके पार्टनर के साथ बिजनेस में रुपयों के लेनदेन का मामला सामने आया है। एसपी सिटी के निर्देशन में पुलिस 3 टीमें मामले की जांच में लगी हैं।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here