नित्य संदेश ब्यूरो
शामली। शारदीय नवरात्रि पर्व के मद्देनजर जनपद शामली में पुलिस हाई अलर्ट पर है। शनिवार को एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर द्वारा जनपद शामली के थाना कोतवाली क्षेत्र में स्थित सिद्धपीठ हनुमान धाम मंदिर परिसर का औचक निरीक्षण किया गया।
इस दौरान उनके साथ एसपी शामली एवं एडिशनल एसपी शामली मौजूद रहे। एडीजी महोदय ने पूरे मंदिर परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेला क्षेत्र में लगने वाली भीड़, प्रवेश व निकास द्वार, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, महिला सुरक्षा, यातायात व पार्किंग व्यवस्था को परखा। ड्यूटी पर लगे पुलिस कर्मियों को उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नवरात्रि में दर्शन के लिए आने वाले किसी भी श्रद्धालु को कोई असुविधा न हो।
उन्होंने कहा - "त्योहार के दौरान अराजक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाए, संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग की जाए और सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जाए।" एडीजी ने सर्व-सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
No comments:
Post a Comment