विश्वास राणा
नित्य संदेश, गजरौला। राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास स्थित श्री वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय, गजरौला में ’’यूथ पावर: ड्रीम, डिसिप्लिन एवं लीडरशिप’’ विषय पर विशेष प्रेरणादायी सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि क्वैसर खालिद, प्रतिकुलाधिपति डाॅ. राजीव त्यागी, कुलपति प्रो. कृष्ण कान्त दवे, प्रतिकुलपति डाॅ. मानस रंजन पाणिग्राही एवं कुलसचिव प्रो. (डाॅ.) पीयूष कुमार पाण्डेय, डाॅ. प्रदीप कुमार सिंह एवं शाह आबिदी सहित अन्य वरिष्ठ गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं विशेष अतिथि का विश्वविद्यालय की ओर से शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
सर्वप्रथम वेंक्टेश्वरा समूह के संस्थापक अध्यक्ष सुधीर गिरि ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा एवं प्रतिभा का सकारात्मक उपयोग करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। अपने स्वागत भाषण में प्रतिकुलाधिपति डाॅ. राजीव त्यागी ने मुख्य अतिथियों का स्वागत करते हुए स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख किया और युवाओं से जोश के साथ होश में कार्य करने तथा अपनी ऊर्जा को सही दिशा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति में अपार ऊर्जा एवं संभावनाएं हैं और अनुशासन, धैर्य एवं सही मार्गदर्शन के माध्यम से युवा अपने सपनों को साकार करने के साथ राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
मुख्य वक्ता क्वैसर खालिद ने Millennials और Gen Z के धैर्य एवं सोच में अंतर पर चर्चा करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों को अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए नई चुनौतियों का सामना करना होगा। उन्होंने युवाओं से अपने लक्ष्य के प्रति एकाग्र रहने, सही समय पर अपनी दिशा को बदलकर अनिश्चित राह से लक्षित सपने की ओर बढ़ने तथा कॉलेज, प्रोफेशनल एवं व्यक्तिगत जीवन में संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज से जो कुछ हम प्राप्त करते हैं, उसमें अपना योगदान देकर समाज को वापस देना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने चरित्र, संवेदनशीलता, विश्वास एवं सामाजिक जिम्मेदारी जैसे उन मूल्यों को विकसित करने पर जोर दिया, जिन्हें धन से प्राप्त नहीं किया जा सकता।
कार्यक्रम का संचालन डाॅ. ज्योति सिंह ने किया। कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव प्रो. (डाॅ.) पीयूष कुमार पाण्डेय ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए मुख्य एवं विशेष अतिथि सहित सभी उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रेरणादायी संवाद विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में वित्त निदेशक सीए युवराज सिंह, डाॅ. राजेश सिंह, एचआर हेड श्री कुलदीप सिंह, डाॅ. नीतू पंवार, डाॅ. सुमन कुमारी, डाॅ. आशुतोष, डाॅ. योगेश्वर, डाॅ. मोहित शर्मा, डाॅ. ओमप्रकाश गोसाईं, डाॅ. अश्विन सक्सेना, डाॅ. पुष्पा मेहदू, एस.एस. बघेल, मेरठ परिसर से डाॅ. पंकज सिंह एवं मीडिया प्रभारी विश्वास राणा सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों के डीन, निदेशक, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



No comments:
Post a Comment