नित्य संदेश ब्यूरो
लखनऊ। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा० सोमेंद्र तोमर ने आज लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने अपने विभाग की प्रगति रिपोर्ट मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की तथा मेरठ से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत वार्ता कर उनके निस्तारण की मांग रखी।
भेंट के दौरान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा० सोमेंद्र तोमर ने मेरठ विकास प्राधिकरण की लोहियानगर, वेदव्यासपुरी एवं गंगानगर योजनाओं के किसानों को अतिरिक्त प्रतिकर की धनराशि उपलब्ध कराने, आवास विकास परिषद द्वारा प्रस्तावित टाउनशिप के अंतर्गत आने वाले ग्रामों के सर्किल रेट में वृद्धि करने तथा शताब्दीनगर, मेरठ के किसानों की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने का अनुरोध किया।
उन्होंने मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार मेरठ के व्यापारियों के हित में किए गए कार्यों की प्रगति रिपोर्ट से भी अवगत कराया।
इसके साथ ही राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा० सोमेंद्र तोमर ने ग्राम मोहिउद्दीनपुर, मेरठ में विकसित की जा रही उत्तर प्रदेश की पहली इंटीग्रेटेड टाउनशिप के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए दीपावली के अवसर पर इसके शुभारंभ हेतु मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री ने सभी विषयों को ध्यानपूर्वक सुना तथा संबंधित विषयों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया। इस अवसर पर डा० सोमेंद्र तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री का प्रेरणादायी मार्गदर्शन जनसेवा के कार्यों में पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
No comments:
Post a Comment