नित्य संदेश ब्यूरो
बिजनौर। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने शनिवार को जनपद बिजनौर के धामपुर में 33/11 केवी बिजलीघर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अनुरक्षण माह के अंतर्गत चल रहे कार्यों एवं विद्युत व्यवस्था का जायजा लिया। धामपुर टाउन-प्रथम बिजलीघर पर उन्होंने पावर ट्रांसफार्मरों, लॉग शीट, ब्रेकडाउन रजिस्टर, शिकायत रजिस्टर, वीसीबी, कंट्रोल पैनल, ऑयल लेवल, अर्थिंग, ओटीआई-डब्ल्यूटीआई टेम्परेचर तथा फायर एक्सटिंग्विशर व बैटरी चार्जर सहित सुरक्षा उपकरणों की जांच की। प्रबंध निदेशक ने निर्देश दिए कि अनुरक्षण कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं, बिजलीघर यार्ड की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आगामी त्योहारों के दृष्टिगत निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इसके बाद उन्होंने मुरादाबाद रोड पर निर्माणाधीन 33/11 केवी धामपुर टाउन-द्वितीय बिजलीघर का भी निरीक्षण किया। यह नया बिजलीघर क्षेत्र में बढ़ते विद्युत भार को कम करने तथा ओवरलोडिंग, लो-वोल्टेज व ट्रिपिंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए बनाया जा रहा है। एमडी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नए बिजलीघर का निर्माण कार्य 31 अक्टूबर 2026 से पूर्व पूर्ण कर चार्ज कर लिया जाए।

No comments:
Post a Comment