नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। स्वच्छता ही सेवा अभियान अन्तर्गत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा समापन एवं स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर नगर निगम इंदौर द्वारा नेहरू पार्क में स्वच्छ भारत दिवस एवं स्वच्छता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक महेन्द्र हार्डिया, विधायक श्री रमेश मेंदोला, प्रभारी महापौर श्री राजेन्द्र राठौर एवं आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल की उपस्थिति में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रभारी महापौर श्री राठौर द्वारा उपस्थित जन को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में महापौर परिषद सदस्य श्री नंदकिशोर पहाड़िया, अभिषेक शर्मा ‘बबलू’, पार्षद श्री मनोज मिश्रा, महापौर प्रतिनिधि भरत पारख, अपर आयुक्त प्रखर सिंह, कार्यपालन यंत्री सुमित अस्थाना सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं निगम अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में महापौर परिषद सदस्य श्री नंदकिशोर पहाड़िया द्वारा आभार व्यक्त किया गया।
स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर नगर निगम इंदौर की विभिन्न कार्यप्रणालियों एवं सेवाओं को प्रदर्शित करते हुए गांधी हॉल से नेहरू पार्क तक विभिन्न प्रकार के 16 वाहनों की रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता, कचरा प्रबंधन एवं नगर निगम की विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम स्थल पर आयोजित आर.आर.आर. प्रदर्शनी का अतिथियों द्वारा अवलोकन किया गया। प्रदर्शनी में गोबर से निर्मित उपयोगी उत्पाद, सिंगल यूज प्लास्टिक (एस.यू.पी.) से संबंधित सामग्री, आर.आर.आर. केन्द्र केसरबाग की गतिविधियों तथा पुरानी एवं अनुपयोगी वस्तुओं से तैयार की गई ज्वेलरी सहित विभिन्न उपयोगी एवं आकर्षक सामग्री प्रदर्शित की गई। प्रदर्शनी के माध्यम से अनुपयोगी वस्तुओं के पुनः उपयोग एवं संसाधनों के पुनर्चक्रण का संदेश दिया गया।
स्वच्छता ही सेवा अभियान अंतर्गत वेस्ट टू आर्ट आकृति का लोकार्पण
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत नगर निगम के सफाई मित्रों द्वारा मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग मशीनों के कबाड़ हो चुके पुराने स्पेयर पार्ट्स से तैयार की गई ‘वेस्ट टू आर्ट’ सफाई मित्र की आकृति का लोकार्पण किया गया।
लगभग 700 किलोग्राम वजन एवं 9 फीट ऊंचाई की इस आकृति को तैयार करने में कन्वेयर रोलर, कन्वेयर बेल्ट, व्हील डिस्क, स्वीपिंग मशीन ब्रश, बियरिंग, साइलेंसर, टायर गेटर, पुराने नट-बोल्ट, वाटर सप्लाई लाइन सहित विभिन्न अनुपयोगी सामग्री का रचनात्मक उपयोग किया गया है। इस पहल के माध्यम से ‘कचरे से उपयोगी एवं आकर्षक वस्तुओं का निर्माण’ तथा 3-आर (रिड्यूस, रीयूज एवं रिसायकल) की अवधारणा को प्रोत्साहित किया गया।
‘मां की बगिया’ में किया पौधारोपण
कार्यक्रम के अंतर्गत नेहरू पार्क उद्यान परिसर स्थित ‘मां की बगिया’ में अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र के विस्तार का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता गीत माला की प्रस्तुति भी दी गई।
विधायक महेन्द्र हार्डिया ने कहा कि नगर निगम इंदौर द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में की जा रही पहल सराहनीय है। वेस्ट टू आर्ट के माध्यम से अनुपयोगी सामग्री से तैयार की गई सफाई मित्र की आकृति स्वच्छता के साथ-साथ पुनः उपयोग की अवधारणा को भी प्रदर्शित करती है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के स्वच्छता संबंधी विचारों से प्रेरणा लेकर देश को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया है। इंदौर शहर ने इस संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाते हुए देश के सामने स्वच्छता का प्रभावी उदाहरण प्रस्तुत किया है।
सफाई मित्रों का योगदान सबसे महत्वपूर्ण : प्रभारी महापौर राठौर
प्रभारी महापौर राजेन्द्र राठौर ने कहा कि इंदौर के स्वच्छता अभियान की सफलता में सफाई मित्रों एवं जागरूक नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। हमारे सफाई मित्र प्रत्येक मौसम एवं परिस्थितियों में पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। उन्होंने सभी सफाई मित्रों के योगदान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनका अभिनंदन किया।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव का इंदौर वासियों के लिए संदेश
इस अवसर पर प्रभारी महापौर श्री राजेन्द्र राठौर द्वारा माननीय महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव के संदेश का वाचन किया।
स्वच्छता और इंदौर अब दो शब्द नहीं रहे, एक पर्याय बन चुके हैं। दुनिया के किसी भी कोने में चला जाऊं, जब भी कोई इंदौर का नाम सुनता है, पहला शब्द यही निकलता है, "स्वच्छता में नंबर वन वाला शहर!" यह पहचान, यह गौरव, किसी एक व्यक्ति या संस्था की देन नहीं है, यह आप सबके अथक परिश्रम, अनुशासन और अपनेपन का परिणाम है।
हर सुबह झाडू उठाने वाले हमारे सफाई मित्रों से लेकर, कचरा अलग करने का संकल्प निभाने वाले हर घर की गृहिणी तक; रातों को सड़कें चमकाने वाले नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों से लेकर, योजना बनाने और ज़मीन पर उतारने में जुटे जनप्रतिनिधियों तक; हर खबर, हर तस्वीर के ज़रिए इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने वाले मीडिया बंधुओं से लेकर, स्कूलों-कॉलेजों और सामाजिक संस्थाओं तक, आप सब इस सफलता के सच्चे शिल्पकार हैं।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चले स्वच्छता पखवाड़े ने इस संकल्प को और मज़बूत किया। इस अभियान में दिन-रात जुटे नगर निगम के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगियों का मैं विशेष रूप से अभिनंदन करता हूं। यह अभियान यहीं नहीं थमेगा, स्वच्छता की यह यात्रा निरंतर आगे बढ़ती रहेगी।
आठ बार देश में स्वच्छता का परचम लहराकर इंदौर ने जो अष्टसिद्धि अर्जित की है, वह केवल एक उपलब्धि नहीं, एक तपस्या का प्रतिफल है। और अब, जब हम नवीं बार इस गौरव को पाने की ओर अग्रसर हैं, तो मुझे पूर्ण विश्वास है कि अष्टसिद्धि के बाद नवनिधि भी इंदौर के ही चरणों में होगी। यह शहर सिद्धियां अर्जित करके वहीं नहीं रुकता, वह निधियों की ओर बढ़ता चला जाता है, क्योंकि इसकी जनता कभी संतोष में सिमटती नहीं, सदैव आगे की सोचती है।
मैं हृदय से आप सबका आभार व्यक्त करता हूं और इस ऐतिहासिक उपलब्धि की पुनः बधाई देता हूं। यह सम्मान आपका है, यह श्रेय आपका है। आइए, इसी भावना और इसी एकजुटता के साथ हम आगे बढ़ें, और नवीं बार भी इंदौर को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाकर, इस गौरव-गाथा में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ें।
ग्रीन गणेशोत्सव में सहयोग करने वालों का सम्मान
ग्रीन गणेशोत्सव के अंतर्गत आर आर आर की तर्ज पर पर्यावरण अनुकूल गतिविधियों तथा स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में सहयोग करने वाले बालाजी ग्रुप, पीर वाली गली (वार्ड क्रमांक 57), एकदृष्टा सामाजिक समरसता, चाणक्यपुरी एवं केसरबाग के राजा को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले निगम के स्वच्छता कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। इसके अंतर्गत गार्डन विभाग के 22 सफाई मित्रों, पी.पी.ई. किट वितरण कर्मियों तथा सी.टी./पी.टी. केयरटेकर के 5 कर्मियों को सम्मानित किया गया।
स्वच्छता अभियान में सहयोग करने वाली संस्थाओं एवं व्यक्तियों का सम्मान
स्वच्छता अभियान में उल्लेखनीय सहयोग प्रदान करने वाले मोयरा सरिया, आई.डब्ल्यू.एम. (वेस्ट टू आर्ट), श्रीमती अनिता पाल, बॉम्बे नर्सिंग कॉलेज एवं इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क को मोमेंटो एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।






No comments:
Post a Comment