Breaking

Your Ads Here

Tuesday, September 22, 2026

मेरठ में मंडल स्तरीय ट्रायल संपन्न, अयोध्या और प्रयागराज में दिखाएंगे दम


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार को विभिन्न खेलों के मंडल स्तरीय ट्रायल आयोजित किए गए। क्षेत्रीय खेल कार्यालय, मेरठ मंडल द्वारा आयोजित इन ट्रायल्स में जूनियर बालक कबड्डी, सीनियर पुरुष/महिला जिम्नास्टिक और सीनियर पुरुष हॉकी के खिलाड़ियों का चयन किया गया।

कबड्डी में 5 जिलों के खिलाड़ियों ने दिखाया दम
जूनियर बालक कबड्डी के मंडल स्तरीय ट्रायल में मेरठ मंडल के पांच जनपदों - मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़, बागपत और गौतमबुद्धनगर की टीमों ने प्रतिभाग किया। कड़े मुकाबले के बाद चयनित मंडल स्तरीय टीम अब 25 से 27 सितंबर तक अयोध्या में आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में मेरठ मंडल का प्रतिनिधित्व करेगी।

जिम्नास्टिक और हॉकी टीम का भी चयन
इसी क्रम में सीनियर पुरुष एवं महिला जिम्नास्टिक के ट्रायल में मेरठ के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ी आगामी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए प्रयागराज रवाना होंगे। वहीं, सीनियर पुरुष हॉकी का मंडल स्तरीय ट्रायल भी स्टेडियम में संपन्न हुआ। चयनित हॉकी टीम प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में अयोध्या में मेरठ मंडल का प्रतिनिधित्व करेगी।

क्षेत्रीय खेल कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि सभी ट्रायल निर्धारित मानकों और खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर पारदर्शी रूप से संपन्न कराए गए। खिलाड़ियों में प्रदेश स्तर पर बेहतर प्रदर्शन को लेकर काफी उत्साह देखा गया। अधिकारियों ने सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here