Breaking

Your Ads Here

Monday, September 7, 2026

मानवाधिकारों की समझ से सशक्त होगा समाज



CCSU में 9 सितंबर को राष्ट्रीय मानवाधिकार प्रशिक्षण कार्यक्रम


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के विधि अध्ययन संस्थान में आगामी 09 सितम्बर 2026 को आयोजित होने वाले मानवाधिकार प्रशिक्षण कार्यक्रम के संबंध में आज दिनांक 07 सितम्बर 2026 को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधि अध्ययन संस्थान के समन्वयक डा० विवेक कुमार ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।


डा. विवेक कुमार ने बताया कि यह मानवाधिकार प्रशिक्षण कार्यक्रम राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग, नई दिल्ली द्वारा प्रायोजित है। राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग द्वारा मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता एवं मानवाधिकार शिक्षा के उत्थान के उद्देश्य से विभिन्न चरणों में नियमित रूप से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, आम नागरिकों एवं विभिन्न संस्थानों को मानवाधिकारों के संरक्षण से संबंधित संवैधानिक एवं कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना है। साथ ही देश में मानवाधिकारों के संरक्षण के लिए स्थापित विभिन्न संस्थानों की कार्यप्रणाली तथा महिला, बालक, वृद्धजन, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति सहित महत्वपूर्ण सामाजिक वर्गों के मूल मानवाधिकारों के संबंध में जागरूकता विकसित करना भी कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।


उत्तर प्रदेश में चयनित एकमात्र शैक्षणिक संस्थान है विधि अध्ययन संस्थान

कार्यक्रम संयोजक श्री आशीष कौशिक ने बताया कि राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मानवाधिकार शिक्षा एवं जागरूकता की योजना के अंतर्गत देशभर से मात्र 22 संस्थानों का चयन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए किया गया है। इनमें चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के विधि अध्ययन संस्थान को उत्तर प्रदेश के एकमात्र शैक्षणिक संस्थान के रूप में इस प्रतिष्ठित मानवाधिकार प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए चयनित किया गया है। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 09 सितम्बर 2026 को आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए अब तक 200 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। प्रतिभागियों को मानवाधिकार शिक्षा एवं जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी प्रदान की जाएगी।


कुलपति प्रो० संगीता शुक्ला करेंगी कार्यक्रम की अध्यक्षता

कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय कुलपति प्रो० संगीता शुक्ला द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री अंजनी अनुज, प्रेजेन्टिंग ऑफिसर, राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग, नई दिल्ली होंगे। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र के पश्चात चार अन्य महत्वपूर्ण प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में मानवाधिकारों से जुड़े विभिन्न संवेदनशील एवं समसामयिक विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी दी जाएगी।


मानवाधिकार एवं संवैधानिक प्रावधान

प्रशिक्षण के एक प्रमुख सत्र में मानवाधिकार एवं भारतीय संविधान में निहित संवैधानिक प्रावधानों पर चर्चा की जाएगी। इसमें नागरिकों के मूल अधिकारों तथा मानवाधिकारों के संरक्षण में संवैधानिक व्यवस्था की भूमिका को समझाया जाएगा। दूसरे सत्र में भारत में मानवाधिकार संरक्षण के लिए स्थापित संस्थानों एवं उनकी कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला जाएगा। प्रतिभागियों को मानवाधिकारों के संरक्षण एवं शिकायतों के निवारण से संबंधित संस्थागत व्यवस्था की जानकारी दी जाएगी।


महिलाओं एवं बच्चों के अधिकार

एक महत्वपूर्ण सत्र महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित मानवाधिकारों पर केंद्रित होगा। इसमें महिलाओं एवं बच्चों के संरक्षण के लिए उपलब्ध संवैधानिक एवं कानूनी प्रावधानों तथा उनके अधिकारों के प्रति सामाजिक जागरूकता के महत्व पर चर्चा होगी। प्रशिक्षण के दौरान बंधुआ मजदूरी से संबंधित प्रावधानों पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी। प्रतिभागियों को बंधुआ मजदूरी की रोकथाम, प्रभावित व्यक्तियों के अधिकारों तथा संबंधित कानूनी संरक्षण के बारे में जानकारी दी जाएगी।


अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अधिकारों पर विशेष चर्चा

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति से संबंधित कानूनी प्रावधानों एवं अधिकारों पर भी विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य सामाजिक रूप से महत्वपूर्ण वर्गों के अधिकारों के संरक्षण तथा उनके प्रति संवेदनशीलता और जागरूकता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों को मानवाधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों के साथ-साथ दूसरों के अधिकारों के प्रति भी सजग एवं संवेदनशील बने। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मानवाधिकार शिक्षा एवं जागरूकता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।प्रेसवार्ता में डॉक्टर सुदेशना, डॉक्टर अपेक्षा चौधरी, डॉक्टर विकास राठी, डॉक्टर सुशील कुमार, डॉक्टर धनपाल सिंह, डॉक्टर महिपाल सिंह, डॉक्टर मीनाक्षी, डॉक्टर कुसमवती आदि मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here