नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। कंकरखेड़ा, शिवलोक स्थित किसान गर्ल्स इंटर कॉलेज में वरिष्ठ नागरिक सेवा समिति की मासिक बैठक संपन्न हुई। बैठक में समिति की गतिविधियों की जानकारी दी गई और सदस्य अजय मोहन शर्मा को जन्मदिन पर बधाई दी गई। इस अवसर पर केवल कृष्ण भसीन, राजीव गुप्ता, यशपाल सिंह जांगिड़ और कुसुम लता ने गीतों की प्रस्तुति दी।
बैठक में "साइबर सुरक्षा और धोखाधड़ी से बचाव" विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। वक्ताओं शशि बाला, गोवर्धन पाल आदि ने कहा कि बैंकिंग, खरीदारी और संचार ऑनलाइन होने से सुविधा के साथ साइबर अपराध का खतरा भी बढ़ा है। डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल के जरिए ठगी की घटनाएं बढ़ रही हैं। ठग बैंक, पुलिस, कस्टम, इनकम टैक्स अधिकारी बनकर डरा-धमकाकर ठगी करते हैं। केवाईसी अपडेट, बिजली बिल, गैस कनेक्शन, पेंशन बंद होने के नाम पर व्हाट्सएप, एसएमएस, ईमेल और सोशल मीडिया पर फर्जी लिंक भेजकर जाल में फंसाया जाता है।
समिति अध्यक्ष महेंद्र कुमार रस्तौगी ने कहा कि साइबर ठग अक्सर वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनरों को निशाना बनाते हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में 1,03,488 वरिष्ठ नागरिकों ने वित्तीय साइबर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपील की कि जल्दबाजी में कोई वित्तीय निर्णय न लें, संदिग्ध कॉल या मैसेज आने पर परिजनों से सलाह लें, ओटीपी, पिन और पासवर्ड किसी से साझा न करें और अनजान लिंक पर क्लिक न करें। धोखाधड़ी होने पर तुरंत बैंक को सूचित कर राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 और साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
कार्यक्रम में डेवलपमेंट क्रेडिट बैंक के ब्रांच हेड हिमांशु शर्मा ने बैंक अवेयरनेस पर जानकारी दी और कहा कि जो निजी बैंक आरबीआई गाइडलाइन से अधिक ब्याज का लालच देते हैं, वहां जोखिम हो सकता है। बैठक में सुमन कांत अरोरा, मुल्ख राज, सोमपाल सिंह, विमल कांत कौशिक, रमेश चंद्र शर्मा, हरपाल सिंह, राम गोपाल शर्मा, सत्यपाल सिंह, दयाराम सैनी, डॉ. सुरेंद्र पाल सिंह, आर.पी. सिंह, आशा शर्मा, हेमलता सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
.jpeg)

No comments:
Post a Comment